कानपुर एनकाउंटर के बाद अब जेलों में बंद मनबढ़ अपराधियों की भी तैयार की जाएगी सूची  

कानपुर एनकाउंटर के बाद अब जेलों में बंद मनबढ़ अपराधियों की भी तैयार की जाएगी सूची  

लखनऊ  
डीजी जेल आनंद कुमार ने ऐसे बंदियों की सूची बनाने का निर्देश दिया है जो बेखौफ होकर नियमों का उल्लंघन करते हैं और जेल की प्रशासनिक व्यवस्था और शुचिता को खंडित करने का प्रयास करते हैं। 

सोमवार को उन्होंने प्रदेश की जेलों में निरुद्ध कुख्यात अपराधियों व माफियाओं पर कठोर नियंत्रण के लिए कुछ निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सभी जेल अधिकारियों का यह दायित्व है कि वे विभिन्न जेलों में निरुद्ध ऐसे अपराधियों पर कठोर नियंत्रण और निगरानी रखें। जेलों में निरुद्ध ऐसे अपराधियों की गतिविधियों की कठोर चौकसी और निगरानी की व्यवस्था की जाए। ऐसे अपराधियों द्वारा जेल में डराने धमकाने जैसे कृत्य की सूचना समय रहते तत्काल संबंधित जिले के जिला प्रशासन और जेल मुख्यालय को दी जाए। 

डीजी जेल ने कहा है कि जेलकर्मियों और अपराधियों में प्रलोभन के चलते किसी संभावित साठगांठ की आशंका को रोकने के लिए जेल कर्मियों की ड्यूटी निरंतर बदली जाए। जेलों में मोबाइल फोन और अन्य संचारी उपकरणों के प्रयोग और पहुंच पर पूर्ण प्रतिबंध हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। ऐसे किसी भी कुकृत्य को गंभीरता व जीरो टॉलरेन्स के तहत लिया जाए। उन्होंने अधीक्षक और जेलर को जेल में आकस्मिक छापेमारी करने के निर्देश भी दिए हैं।