पचमढ़ी में 1 डिग्री तापमान

पचमढ़ी में 1 डिग्री तापमान

भोपाल
 मध्य प्रदेश में सर्दी का सितम जारी है। कडा़के की ठंड की वजह से लोगों की दिनचर्या अस्‍तव्‍यस्‍त हो गई है।

राज्‍य के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में शुक्रवार सुबह तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात का तापमान गिरने से शुक्रवार सुबह यहां के मैदानों में गिरी ओस की बूंदें जम चुकी थीं।

महाकोशल-विंध्य में गिरा पारा

महाकोशल-विंध्य में भी ठंड बढ़ती जा रही है। सुबह से 10 बजे तक कोहरा और दिनभर शीतलहर के कारण अनूपपुर, उमरिया, मंडला, पन्ना, डिंडौरी, दमोह में पारा गिर गया है। अमरकंटक में न्यूनतम तापमान दो डिग्री रहा।

उत्तर भारत में बर्फबारी का दौर थमने और हवा के रुख में कुछ बदलाव होने से प्रदेश में दिन के तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने लगी है। साथ ही रात के तापमान भी अधिकांश स्थानों पर मामूली बढ़ने लगे हैं। खजुराहो में 3 डिग्रीसे. तापमान दर्ज हुआ।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पिछले दिनों पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत में जबरदस्त बर्फबारी हुई थी। इसके साथ ही हवा का रुख 3-4 दिन तक लगातार उत्तरी बना रहा। इससे पूरा मप्र कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया था। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के साथ ही अब बीच-बीच में हवा का रुख बदलने लगा है।

साथ ही हवा की रफ्तार भी काफी कम है। इस वजह से दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। हालांकि अब भी रात में ठिठुरन बनी रहेगी। मौसम विज्ञानी पीएन बिरवा ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान शहडोल संभाग, छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़, मंडला, जबलपुर, नरसिंहपुर, होशंगाबाद जिला में शीतलहर चल सकती है।

प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान

पचमढ़ी- 1.0

अमरकंटक- 2.0

मंडला- 3.0

उमरिया- 3.5

पन्ना- 4.2

डिंडौरी- 4.5

दमोह- 4.8

अनूपपुर- 5.0

शहडोल- 5.0

नरसिंहपुर- 5.9

रीवा- 6.0

सतना- 6.2

बालाघाट- 6.2

कटनी- 8.0

सिवनी- 9.0