पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश समेत 15 जजों ने लिया कोरोना का टीका
पटना
बिहार में चार सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों समेत 12 आयुष्मान भारत योजना से जुड़े निजी अस्पतालों में कोरोना टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत हुई। इस दौरान पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय कैरोल समेत 15 जजों ने आईजीआईएमएस में कोरोना का टीका लिया। जजों का टीकाकरण दोपहर बाद आईजीआईएमएस में शुरू हुआ।
इससे पहले उनलोगों को हाईकोर्ट के अस्पताल में ही टीकाकरण का कार्यक्रम था। लेकिन आईजीआईएमएस में पोस्ट टीकाकरण की सुविधाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा आईजीआईएएमस में ही जजों और विधायकों का टीकाकरण कराने का निर्णय लिया गया। आईजीआईएमएस में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव ने टीका लिया।
सोमवार को 60 साल से अधिक आयुवाले सामान्य लोग तथा 25 साल से 59 साल की उम्र वाले विभिन्न बीमारियों से ग्रसित कोमोरविड लोगों के लिए टीकाकरण शुरू हुआ। हालांकि, कोविन पोर्टल और आरोग्य सेतु एप पर रजिस्ट्रेशन होने में कठिनाई के कारण पहले दिन सरकारी समेत कई निजी केंद्रों पर आम लोगों का टीकाकरण शुरू नहीं हो पाया। कुछ निजी अस्पतालों में उनके परिचित लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। आईजीआईएमएस में पटना हाईकोर्ट के मुख्य नयायाधीश समेत 15 जजों, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव आदि को कोरोना टीका का पहला डोज दिया गया। वहीं यहां आम लोगों के लिए रजिस्ट्रेशन भी नहीं शुरू हुआ।
पीएमसीएच, न्यू गार्डिनर, जैसे अस्पतालों में टीकाकरण व रजिस्ट्रेशन कराने आए कई लोगों को बिना रजिस्ट्रेशन के ही लौटना पड़ा। न्यू गार्डिनर में वकीलों को टीका देने की शुरुआत होने से कई फ्रंटलाइन वर्करों व आम लोगों को लौटना पड़ा। दिन के 12 बजे तक कोविन पोर्टल और आरोग्य सेतु एप पर लोगों को रजिस्ट्रेशन कराने में काफी कठिनाई हुई। सिविल सर्जन डॉ. विभा सिंह ने बताया कि दोपहर बाद पोर्टल पर लोगों का रजिस्ट्रेशन होना शुरू हो गया था।
bhavtarini.com@gmail.com 
