मालवा-निमाड़ में अगले तीन दिन होगी अच्छी बारिश

मालवा-निमाड़ में अगले तीन दिन होगी अच्छी बारिश

इंदौर
इंदौर शहर में हल्की बारिश हुई, वहीं देपालपुर व महू क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई। वर्तमान में मानसून की द्रोणिका इंदौर के ऊपर से गुजर रही है। इसके अलावा मानसून के अन्य कई तत्व भी सक्रिय हैं जिसके कारण अगले तीन दिन में इंदौर संभाग सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला के मुताबिक एक द्रोणिका कच्छ से लेकर बंगाल की खाड़ी तक अहमदाबाद, रायसेन व सिवनी से होकर गुजर रही है। यह द्रोणिका अभी मालवा-निमाड़ के इलाकों के ऊपर भी है। लंबे समय बाद ऐसा हुआ है कि इंदौर और आसपास के जिलों के ऊपर यह द्रोणिका है। इसके अलावा कच्छ व उसके आसपास के क्षेत्र में हवा के कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना है।

उत्त्तर पश्चिम मप्र में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवाती घेरा बना हुआ है। इसके पूरे सिस्टम का असर इंदौर सहित पूरे मप्र पर पड़ रहा है। इसके कारण अगले दो से तीन प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होगी। इंदौर में अगले दो दिन में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 24.4 डिग्री दर्ज किया गया।