यहां परीक्षा की कॉपी में दे दिए 100 में से 101 अंक, वो भी ऐसे

रायपुर
 मोटी फीस लेकर राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान (एनआईओएस ) ने सेवारत अप्रशिक्षित शिक्षकों के लिए दो वर्षीय डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन कोर्स में परीक्षा ली, लेकिन परिणाम नहीं दे पाए। दिलचस्प बात यह है कि एनआईओएस की परीक्षा में जहां लोग रिजल्ट में परीक्षा देने के बाद भी अपसेंट होने से परेशान हैं, वहीं कुछ परीक्षार्थी ऐसे भी हैं, जिन्हें 100 अंक के पर्चे में 101 अंक मिले हैं।

पूर्णांक से अधिक अंक पाने के बाद यह साबित हो गया है कि किस कदर अप्रशिक्षित शिक्षकों की परीक्षा में लापरवाही बरती गई है। एनआइओएस के क्षेत्रीय अधिकारी परीक्षार्थियों का फोन रिसीव करने के लिए तैयार नहीं है। परीक्षार्थियों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अफसर अपने में ही मस्त हैं और परीक्षार्थी त्रस्त होकर दफ्तर-ब-दफ्तर चक्कर लगा रहे हैं।