सूरत के निजी अस्पताल में आग, मरीजों को सुरक्षित निकाला गया
सूरत
गुजरात के सूरत में रविवार की रात एक निजी अस्पताल के आईसीयू वॉर्ड में आग लग गई। आनन-फानन में कोविड-19 के 16 गंभीर मरीजों को बाहर निकाला गया और सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। अधिकारियों के मुताबिक, आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के मुताबिक, सूरत के स्टेशन रोड पर बहुमंजिला इमारत के पांचवे तल पर आयूष अस्पताल है। अस्पताल में रविवार रात 11 बजकर 40 मिनट पर आग लग गई थी। इसके बाद अस्पताल के आईसीयू में भर्ती 16 मरीजों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
आईसीयू में भर्ती से 16 मरीज
सूरत नगरपालिका आयोग (एएमसी) के प्रभारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी बसंत पारीक ने बताया कि आग लगने के वक्त इमारत के पांचवे फ्लोर पर स्थित अस्पताल के आईसीयू में 16 मरीज थे। दमकल विभाग की टीम ने 11 मरीजों को बाहर निकाला और शेष पांच को अस्पताल के स्टाफ ने टीम के पहुंचने से पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया था। उन्होंने बताया कि आग एसी में शॉर्ट सर्किट होने या ओवरलोड की वजह से एसी के फट जाने के बाद लगी थी। आग की सूचना मिलने पर दमकल की करीब 15 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और दो गाड़ियों की मदद से आधे घंटे में ही आग पर काबू पा लिया गया।
bhavtarini.com@gmail.com
