'हम तीनों राज्यों में सरकार बनाने जा रहे हैं'
इंदौर
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मालवा क्षेत्र में प्रचार किया। इंदौर में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 के भाजपा उम्मीदवार आकाश विजयवर्गीय और क्षेत्र क्रमांक-4 की मालिनी गौड़ के समर्थन में रोड शो किया। इससे पहले अमित शाह ने धार जिले की कुक्षी विधानसभा में भाजपा उम्मीदवार के लिए वोट अपील की।
शाह ने इंदौर में प्रचार के अंतिम दो घंटे फूलों से सजे रथ में रोड शो किया। चिमनबाग से शाह का रोड शो शुरू होकर खातीपुरा, रिवर साइड रोड, कृष्णपुरा, राजबाड़ा, गोपाल मंदिर होते हुए इंदौर के क्षेत्र-4 पहुंचा, जहाँ मालिनी गौड़ भाजपा की उम्मीदवार हैं। यहां भाजपा अध्यक्ष रथ से उतरकर जीप में सवार हो गए थे।
रोड शो के दौरान उन्होंने कहा कि इस बार हमारा लक्ष्य 200 सीटें पाने का है, जो हम पूरा करने जा रहे हैं। हम बड़े बहुमत से प्रदेश में फिर सरकार बना रहे हैं। शाह ने यह दावा भी किया कि मध्यप्रदेश के साथ ही राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी भाजपा की सरकार बनेगी।
आशीर्वाद दीजिए, पांच सालों में प्रदेश को समृद्ध बनाएंगे
शाह ने कुक्षी में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस वोटबैंक की चिंता करती है, हमारे लिए भारतमाता की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। हमारा मृत शरीर भी भारतमाता की जयकार सुनकर जी उठेगा, उन्हें भारतमाता की जय बोलने में शर्म आती है। डूब मरो कांग्रेसियो। देश और प्रदेश के विकास के लिए मोदी-शिवराज का मणिकंचन योग बना है। आप हमें आशीर्वाद दीजिए, हम पांच सालों में प्रदेश को समृद्ध बनाएंगे।
शाह ने कहा कि राहुल बाबा आजकल इधर-उधर घूम रहे हैं। वे किसान-किसान चिल्ला रहे हैं, लेकिन उनकी सरकार ने किसानों के लिए किया कुछ नहीं। बंटाढार की सरकार किसानों को 18 प्रतिशत पर लोन देती थी, शिवराज सरकार ने इसे कम करके 0 प्रतिशत कर दिया। बंटाढार के जमाने में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ को मिलाकर किसानों को 1300 करोड़ का लोन देते थे। अब भाजपा सरकार 13 हजार करोड़ का लोन दे रही है।
शाह ने कहा कि कांग्रेस को वोटबैंक नजर आता है, हम भाजपा वाले भारत माता की सुरक्षा के लिए ही जीते हैं। बीकानेर में कांग्रेस के एक प्रत्याशी ने कार्यकर्ता को भारत माता की जय बोलने से रोक दिया। उससे कहा गया सोनिया गांधी की जय बोलो। जिनको भारतमाता की जय बोलने में शर्म आती है, उन्हें राजनीति में रहने का अधिकार नहीं। इन नेताओं ने पूरी कांगेस को गांधी परिवार की निजी फर्म बना दी हे। क्या इस फर्म से आपके मध्यप्रदेश को जुड़ना चाहिए?
सरकार बनाने से कोई नहीं रोक सकताः राकेश सिंह
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि मुझे विश्वास है, जहां सक्षम कार्यकर्ता हों, जहां जनता ने मन बना लिया हो, वहां चौथी बार भाजपा की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने सभा में उपस्थित लोगों को सभी सीटों पर भाजपा को प्रचंड विजय दिलाने का संकल्प दिलाया।
bhavtarini.com@gmail.com 