इंदौर में घंटेभर में 1 इंच बरसा

इंदौर लंबे समय बाद बादल उमड़-घुमड़कर बरसे। पूर्वी इलाकों में तो मामूली पानी बरसा लेकिन पश्चिम में जोरदार बारिश हुई। घंटेभर में 1 इंच पानी बरस गया। गर्मी से परेशान लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की। बुधवार को सुबह से बादलों का डेरा था। शाम 4 बजे बाद जोरदार बारिश शुरू हो गई। अन्नापूर्णा, महू नाका, एरोड्रम, मरीमाता, राजवाड़ा , चिमनबाग, राऊ, राजेंद्र नगर सहित पश्चिमी एबी रोड पर तेज बारिश हुई। मौसम केंद्र के मुताबिक बुधवार शाम 5.30 बजे तक 25.2 मिलीमीटर यानी 1 इंच बारिश हुई। इसी के साथ अब तक कुल बारिश 170 मिमी (साढ़े 6 इंच) हो चुकी है। दिन का अधिकतम तापमान भी गिरकर सामान्य से दो कम 29.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम केंद्र के अनुसार लोकल सिस्टम बनने के कारण अच्छी बारिश हुई है। फिलहाल अरब सागर में बनने वाला सिस्टम सक्रिय नहीं है। इससे लगातार बारिश होने की उम्मीद कम है।