कार से 11 करोड़ रुपये नगद बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

कार से 11 करोड़ रुपये नगद बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद, छत्तीसगढ़ के महासमुंद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. एक कार में 11 करोड़ रुपये नगद ले जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी कार की सीट में छुपाकर कैश लेकर जा रहे थे. ओडिशा से यूपी के आगरा में कैश लेकर जाया जा रहा था. इसी द​रमियान महासमुंद के खल्लारी में पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया और सख्ती से जांच में करीब 11 करोड़ रुपये बरामद कर लिए गए. भारी मांत्रा में नगद जब्ती के साथ ही पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है. कार में सवार लोगों ने नगद से सं​बंधित कागजात प्रस्तुत नहीं किया. इसके बाद पुलिस ने कैश को जब्त कर उन्हें हिरासत में ले लिया. महासमुंद जिले के खल्लारी थाना की पुलिस ने कार्रवाई की है. संदिग्ध लोगों द्वारा कैश ले जाने की शिकायत पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा है. मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दे दी गई है. कार में इस तरह छुपाकर ले जा रहे थे कैश. बता दें कि कुछ दिनों में ही लोकसभा चुनाव का शंखनाद होना है. सूत्रों के मुताबिक चुनाव में नगद राशि को खपाने के लिए ही बड़े पैमाने में कैश ट्रांसफर किया जा रहा था. 500 और 2000 रुपये के नोटों के बंडल बड़ी मात्रा में जब्त किए गए हैं. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.