भोपाल, राजधानी में शुक्रवार को 210 नए पॉजिटिव मरीज मिले है। इसे मिलाकर शहर में संक्रमितों की संख्या अब 5196 हो गई है। शहर में संक्रमण इस तेजी से बढ रहा है कि हर दिन अब 100 से ज्यादा मरीज मिलने लगे है। इतना ही नहीं पुराने भोपाल सहित नए भोपाल और ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। शुक्रवार को पॉजिटिव पाए गए लोगों में बैरसिया तहसील में पदस्थ दो बाबू और दो अन्य कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद यहां 20 अन्य लोगों के सैंपल लिए गए है। वहीं सोहाया ग्राम पंचायत में भी 10 लोगों के सैंपल लिए गए है।

इधर, सीआरपीएफ कैंपस बंगरसिया में नौ पॉजिटिव मरीज मिले है। चौक बाजार पुलिस चौकी में एक और डीआईजी भोपाल स्टॉफ में एक पुलिसकर्मी की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। इधर, प्रोफेसर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित निकला है।
वहीं शिवाजी नगर में रहने वाले एक डॉक्टर परिवार के तीन सदस्य भी पॉजिटिव आए है। मैनिट में एक प्रोफेसर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। पंचशील नगर में एक पांच महीने के बच्चे सहित परिवार के चार लोग कोरोना पॉजिटिव आए है। ग्लोबस ग्रीन कॉलोनी में तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। जेपी अस्पताल के दो डॉक्टरों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
यातायात थाना जहांगीराबाद में एक जवान भी कोरोना संक्रमित निकला है। आरकेडीएफ कॉलेज में भी एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। शुक्रवार को 30 संक्रमित मरीज स्वस्थ हो गए है। इसे मिलाकर अब तक 3312 लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली है। पिछले 24 घंटे में एक कोरोना मरीज की मौत हो गई है। वहीं अब तक 150 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है।