28 नये मरीज़ों में कोरोना की पुष्टि, अब तक 72 की मौत
इंदौर
एक दिन की राहत के बाद फिर कोरोना पॉजिटिव मरीज़ों (Corona positive patients) की तादाद बढ़ गयी है. 28 नये मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है. इन्हें मिलाकर इंदौर में अब तक कोरोना के 1513 मरीज हो चुके हैं. मौत का आंकड़ा भी बढ़कर 72 हो गया है.
इंदौर में कोरोना संक्रमण का रेट एक बार फिर बढ़ गया है. गुरुवार को ये 6 फीसदी था लेकिन शुक्रवार को ये फिर 10 फीसदी पर पहुंच गया. देर रात जारी बुलेटिन में 285 सैंपल की जांच में 257 की रिपोर्ट निगेटिव आई है. जबकि 28 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. इन्हें मिलाकर इंदौर में अब तक 7926 मरीजों के सैंपल जांचे जा चुके हैं जिनमें से 1513 मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं.
गुरुवार देर रात जारी बुलेटिन में 4 नए मरीजों की मौत की पुष्टि की गई है. इन्हें मिलाकर अब तक मौत का आंकड़ा 72 पर पहुंच गया है. राहत की बात ये भी है कि 250 से ज्यादा मरीज ठीक होकर घर भी लौट चुके हैं. सीएमएचओ डॉक्टर प्रवीण जड़िया के मुताबिक जो मरीज पॉजिटिव मिले हैं उनमें से लगभग सभी क्वॉरेंटीइन सेंटर्स में हैं.
इंदौर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के ठीक होने की रफ्तार भी तेज हो रही है. अरविन्दो मेडिकल कॉलेज में लगभग 80 ऐसे मरीज और हैं जिनकी दूसरी रिपोर्ट भी नेगेटिव आ चुकी है. अब इनके एक्स-रे और ब्लड टेस्ट किए जा रहे हैं. सब ठीक रहा तो इन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी. 30 मरीज कोविड केयर सेंटर में भी ऐसे हैं जिनकी दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है. इस तरह करीब 110 मरीज स्वस्थ होकर घर जाने के लिए तैयार हैं.
bhavtarini.com@gmail.com 
