दौसा जिले के 605 नवचयनित कार्मिकों को मिले नियुक्ति पत्र, जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेस वे का वर्चुअली लोकार्पण
जयपुर। मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को दौसा जिले के भांकरी रोड स्थित स्व. कप्तान छुट्टन लाल मीणा टाउन हाॅल में किया गया। जिले के कुल 605 नवचयनित कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
यह जिला स्तरीय कार्यक्रम राज्य स्तरीय समारोह से वर्चुअली जुड़ा रहा, जिसका आयोजन अजमेर में किया गया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिला मुख्यालय के साथ-साथ ब्लाॅक एवं ग्राम पंचायत स्तर तक किया गया, जहां अधिकारी-कर्मचारियों एवं नवचयनित कार्मिकों के साथ बड़ी संख्या में आमजन ने सहभागिता की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का प्रेरणादायक उद्बोधन सुना।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नवचयनित कार्मिकों को नियुक्ति किट प्रदान किए। जिला कलक्टर ने बताया कि कुल 605 चयनित अभ्यर्थियों में से 200 अभ्यर्थियों ने दौसा टाउन हाॅल से तथा शेष ने अजमेर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से सहभागिता की।
जिला कलक्टर ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकास कार्यों का वर्चुअली शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किए। जिले में जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेस वे का लोकार्पण किया गया, जिससे रोड कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही एचपीवी वैक्सीन अभियान का शुभारंभ किया गया, जो सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में सहायक है।
bhavtarini.com@gmail.com

