एआई आधारित ओआरएफ मूल्यांकन और पीएम विद्यालयों की प्रगति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना
जयपुर। राजस्थान शिक्षा विभाग की तकनीक-संचालित शैक्षिक पहलों को वैश्विक स्तर पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। गेट्स फाउंडेशन के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने तिजारा ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बुरहेड़ा का भ्रमण कर राज्य में संचालित एआई आधारित ओरल रीडिंग फ्लूएंसी (ORF) मूल्यांकन प्रक्रिया का अवलोकन किया। यह मूल्यांकन ‘प्रखर राजस्थान 2.0’ के अंतर्गत पठन कौशल के सटीक आकलन और सीखने के स्तर में सुधार हेतु लागू किया गया है।
भ्रमण के दौरान निदेशक माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा सीताराम जाट ने प्रतिनिधिमंडल को राज्य में लागू डिजिटल शिक्षण मॉडल, कक्षा-केंद्रित नवाचारों तथा पीएम विद्यालयों के अंतर्गत विकसित किए जा रहे उत्कृष्ट अधोसंरचना और गतिविधि-आधारित शिक्षण वातावरण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एआई आधारित ओआरएफ मूल्यांकन से विद्यार्थियों के पठन कौशल का डेटा-आधारित विश्लेषण संभव हो रहा है, जिससे शिक्षण रणनीतियों को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद कर ओआरएफ प्रक्रिया को समझा तथा बच्चों के पठन कौशल का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने पीएम विद्यालयों में विकसित हो रही डिजिटल सुविधाओं, स्मार्ट कक्षाओं और नवाचार आधारित शिक्षण गतिविधियों की प्रगति की सराहना की, जो भविष्य उन्मुख शिक्षा मॉडल की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।
अवलोकन के दौरान यह भी सामने आया कि तकनीकी समाधान, क्षमता निर्माण कार्यक्रम और डिजिटल सामग्री के उपयोग से कक्षा शिक्षण अधिक सहभागितापूर्ण एवं परिणामोन्मुख बन रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी, आत्मविश्वास और सीखने के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना की।
गेट्स फाउंडेशन की ओर से प्रतिनिधिमंडल में लीड ग्लोबल एजुकेशन बेंजामिन पाइपर, डिप्टी डायरेक्टर ग्लोबल एजुकेशन इनोवेशन एवं कंट्री इम्प्लीमेंटेशन जोनाथन स्टर्न तथा सतीश मेनन शामिल रहे। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के निदेशालय, जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी, वाधवानी एआई के प्रतिनिधि, प्रधानाचार्य प्रदीप राठी भी उपस्थित रहे।
bhavtarini.com@gmail.com
