हमारे कन्यापूजन से कांग्रेस को तकलीफ, इनकी प्राथमिकता में सोनिया पूजन

कांग्रेस विधायक के बेटे पर दुष्कर्म के आरोप लगे तो प्रियंका ने चुप्पी क्यों साध ली
जनसंघ से लेकर भाजपा की स्वर्णिम यात्रा का आधार राष्ट्र का उत्थान-गरीबों की सेवा
भोपाल। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने गुरुवार को रैगांव विधानसभा के सिंहपुर में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया। भारतीय जनसंघ की स्थापना दिवस के अवसर पर रैगांव विधानसभा के सिंहपुर में महिला कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित दीप कमल रंगोली कार्यक्रम में शामिल होकर दीप प्रज्जवलित किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मेरा सिंहपुर के सभी नागरिकों से आह्वान है कि जनकल्याण विरोधी और हमारी संस्कृति विरोधी कांग्रेस को इस उपचुनाव में वोट की चोट से करारा जवाब दें। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रति हमारे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का समर्पणभाव नयी पीढ़ी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणापुंज है। कार्यकर्ताओं के समर्पणभाव के कारण जनसंघ आज भाजपा के रूप में विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है। जनसंघ से लेकर भाजपा की इस स्वर्णिम यात्रा का आधार ही राष्ट्र का उत्थान और गरीबों की सेवा रहा है। भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित दल है। रैगांव में भाजपा ने इस उपचुनाव में प्रतिमा बागरी को अपना प्रत्याशी बनाकर यह संदेश दिया है कि भाजपा के लिए अपने कार्यकर्ताओं का सम्मान सदैव प्राथमिक होता है।
प्रियंका ने क्यों साधी चुप्पी
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि हम कन्या पूजन करते हैं तो कांग्रेस नेताओं को तकलीफ होती है। कन्या पूजन बंद करवाने के लिए ये चुनाव आयोग से शिकायत करते हैं, क्योंकि इनके लिए सोनिया पूजन ही प्राथमिक है। हमारी संस्कृति के साथ खिलवाड़ करना इनकी परंपरा है। प्रियंका गांधी महिला सशक्तिकरण की बात करती हैं, वो जवाब दें कि बडऩगर से कांग्रेस विधायक के बेटे पर दुष्कर्म के आरोप लगे तो उस पर कार्रवाई को लेकर चुप्पी क्यों साध ली।
सरला हत्याकांड पर कांग्रेसी चुप्प
दिग्विजय सिंह के समय हुए सरला मिश्रा हत्याकांड पर कांग्रेस के नेता क्यों चुप रहते हैं। महिलाओं का अपमान कांग्रेस की परंपरा है, लेकिन हमारे लिए महिलाएं हमारी बहन-बेटियों की तरह होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता अनुसूचित जाति की प्रतिमा बागरी का सोशल मीडिया पर फोटो चलाकर बेशर्मी से उनका अपमान कर रहे हैं। भाजपा केवल चुनाव के समय लोगों के बीच नहीं आती, बल्कि वो हर समय लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलती है।
कांग्रेस ने गरीबों को माना वोटबैंक
कांग्रेस ने गरीबों को केवल वोटबैंक ही माना है। चुनाव आते ही कांग्रेस के नेता गरीबों को लोक लुभावने वादे करते हैं, और चुनाव के बाद कोई कांग्रेस नेता उनकी खबर तक लेने नहीं आता है। 15 माह के लिए आए कमलनाथ और पर्दे के पीछे से सरकार चलाने वाले मिस्टर बंटाढार दिग्विजय सिंह ने तो गरीबों के हितों की योजनाओं को ही बंद कर दिया था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गरीबों के लिए संबल योजना शुरू की तो कमलनाथ ने आते ही इसे बंद करवा दिया था।