उद्योग नगरी को बड़ी सौगात: हलवारा एयरपोर्ट से जल्द शुरू होगी हवाई यात्रा
लुधियाना, पंजाब के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने जानकारी देते हुए बताया कि हलवारा एयरपोर्ट से जल्द ही हवाई सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। उन्होंने बताया कि हलवारा एयरपोर्ट से फ्लाइट्स की बुकिंग अप्रैल महीने में शुरू होगी और पहली फ्लाइट 10 से 15 मई के बीच शुरू होने की उम्मीद है।
इस प्रोजेक्ट की जानकारी शेयर करते हुए उन्होंने कहा कि शुरुआती तौर पर 160 सीटों वाला A320 इकॉनमी जहाज चलाया जाएगा। दिल्ली और हलवारा के बीच रोजाना दो फ्लाइट्स चलेंगी, जिनमें से एक सुबह और एक दोपहर को होगी। रवनीत बिट्टू ने इसे इलाके की कनेक्टिविटी के लिए एक बड़ा कदम बताया है।
उन्होंने इसके लिए पंजाब के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि इससे राज्य में यात्रा, व्यापार और आर्थिक विकास को काफी बढ़ावा मिलेगा। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि ये प्रधानमंत्री के पंजाब के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और पंजाब को शक्तिशाली बनाने के संकल्प का नतीजा है। उन्होंने कहा कि एक केंद्रीय मंत्री के तौर पर, मैं पंजाब के विकास के लिए लगातार काम करने और यह पक्का करने के लिए वचनबद्ध हूं कि ऐसे बदलाव लाने वाले प्रोजेक्ट जल्द लोगों की सेवा में समर्पित हों। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि पंजाब अब और ऊंची उड़ाने भरने के लिए तैयार है।
bhavtarini.com@gmail.com

