सब्सिडी में नहीं होगी कोई कटौती, पंजाब में जारी रहेगी सभी सब्सिडियां: वित्त मंत्री हरपाल चीमा
चंडीगढ़: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने स्पष्ट किया है कि राज्य में दी जा रही सभी सब्सिडियां आगे भी जारी रहेंगी और इनमें किसी तरह की कटौती नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग को समान अवसर देने के लिए अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभा रही है।
वित्त मंत्री ने बताया कि सरकार सब्सिडी का बोझ संतुलित रखने के लिए राजस्व बढ़ाने पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मार्च महीने में जीएसटी कलेक्शन में 12.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और सरकार ने राजस्व के लगभग सभी लक्ष्यों को पूरा किया है।
विपक्ष द्वारा राज्य की आर्थिक स्थिति पर उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए चीमा ने पूर्व वित्त मंत्रियों को खुली बहस की चुनौती दी। उन्होंने दावा किया कि पंजाब ने वित्तीय सुधारों के क्षेत्र में कई अहम कदम उठाए हैं, जिसके चलते हाल ही में राज्य को 400 करोड़ रुपये की ग्रांट प्राप्त हुई है।
उन्होंने ‘मां-बेटी सत्कार योजना’ का जिक्र करते हुए बताया कि इसके तहत 13 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन शुरू होंगे। इस योजना में सामान्य वर्ग की महिलाओं को ₹1,000 और अनुसूचित जाति की महिलाओं को ₹1,500 प्रति माह देने का प्रावधान है। हालांकि, आयकर दाताओं, सरकारी कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के परिवारों को इस योजना से बाहर रखा गया है, जबकि आंगनवाड़ी वर्कर्स, मिड-डे मील कर्मी और निजी क्षेत्र में काम करने वाली महिलाएं इसका लाभ ले सकेंगी।
सरकारी कर्मचारियों के डीए को लेकर उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय का लंबित ₹14,191 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है और वर्तमान सरकार डीए तथा पुरानी पेंशन योजना पर भी विचार कर रही है।
राज्य के कर्ज को लेकर उठ रहे सवालों पर चीमा ने कहा कि अन्य राज्य भी कर्ज लेते हैं और यह एक सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि ‘आप’ सरकार के कार्यकाल में कंसोलिडेटेड सिंकिंग फंड 2,980 करोड़ रुपये से बढ़कर 10,738 करोड़ रुपये हो गया है और इस दौरान राज्य का खजाना कभी बंद नहीं हुआ।
bhavtarini.com@gmail.com

