होली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को तोहफा, तीन फीसदी बढ़ेगा डीए! 

होली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को तोहफा, तीन फीसदी बढ़ेगा डीए! 

नई दिल्ली। केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए होली से पहले महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की संभावना है। सरकार कथित तौर पर डीए में 3 प्रतिशत की वृद्धि करेगी और जो 1 जनवरी, 2022 से प्रभावी होगी। बढ़ा हुआ वेतन, जनवरी और फरवरी के बकाया के साथ कर्मचारियों को मार्च में दिया जाएगा। अभी कुल महंगाई भत्ता 31 प्रतिशत है जो एलान के बाद बढ़कर 34 प्रतिशत हो सकता है। अगर मंहगाई भत्ता बढ़कर 34 फीसदी होता है तो वेतन में 20 हजार रुपए का इजाफा हो सकता है। सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत सरकारी कर्मचारियों के डीए का निर्धारण बेसिक वेतन के आधार पर किया जाता है। अक्टूबर में 3 प्रतिशत और जुलाई में 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद मौजूदा डीए की दर 31 प्रतिशत तक पहुंची है।

48 लाख कर्मचारियों को फायदा
अगर सरकार वेतन वृद्धि की घोषणा करती है, तो इससे पूरे भारत में लगभग 48 लाख केंद्र सरकार के कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनभोगियों को लाभ होगा। पिछले साल सरकार ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते को 28 फीसदी से बढ़ाकर 31 फीसदी कर दिया था। कोविड-19 महामारी के बावजूद इन कर्मचारियों को डीए इंक्रीमेंट दिया गया। हालांकि इस संबंध में अभी सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।