18 जनवरी से होगा अमरूद महोत्सव एवं कृषि तकनीकी मेला–2026 का शुभारंभ

18 जनवरी से होगा अमरूद महोत्सव एवं कृषि तकनीकी मेला–2026 का शुभारंभ

जयपुर। पंच गौरव कार्यक्रम के तहत सवाई माधोपुर जिले के स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन तथा कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा 18 जनवरी, रविवार से दशहरा मैदान में दो दिवसीय अमरूद महोत्सव एवं कृषि तकनीकी मेल–2026 का आयोजन देश में पहली बार कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोडी लाल की अध्यक्षता में किया जा रहा है। आयोजन के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे।  

कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने बताया कि अमरूद महोत्सव में राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से आईसीएआर, कृषि विश्वविद्यालयों, सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस, केवीके वैज्ञानिकों, किसानों, एफपीओ, व्यापारियों और संस्थानों की भागीदारी रहेगी। प्रतिदिन लगभग 10 हजार किसान इस महोत्सव में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान दर्जनों उन्नत अमरूद किस्मों का प्रदर्शन एवं स्वाद परीक्षण कराया जाएगा, वहीं उत्कृष्ट किस्मों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि महोत्सव की विशेषता यह रहेगी कि किसानों का वैज्ञानिकों से सीधा संवाद होगा। चौपालों के माध्यम से उन्नत खेती तकनीक, किस्म चयन, पौध संरक्षण, विपणन और मूल्य संवर्धन से जुड़ी जानकारियां साझा की जाएंगी। साथ ही, किसानों और व्यापारियों के बीच प्रत्यक्ष संवाद से बिचौलियों की भूमिका कम करने पर भी जोर दिया जाएगा।

कृषि मंत्री ने बताया कि अमरूद प्रसंस्करण इस महोत्सव का प्रमुख आकर्षण होगा। मेले में अमरूद से बने जूस, चिप्स, कैंडी, फ्रूट बार, जैली, बर्फी, लड्डू, शरबत, पल्प, RTS, चटनी, आचार, लैदर, पाउडर और डिहाइड्रेट अमरूद जैसे उत्पादों का प्रदर्शन एवं स्वाद चखने के साथ-साथ इनके निर्माण की तकनीक का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित कई राज्यों से आने वाले विशेषज्ञ मूल्य संवर्धन पर मार्गदर्शन करेंगे।

इसके अतिरिक्त महोत्सव में देशभर की उन्नत किस्मों की नर्सरी उपलब्ध रहेगी, जहां किसान 25 से 30 किस्मों के गुणवत्तापूर्ण अमरूद पौधे खरीद सकेंगे। आयोजकों के अनुसार उन्नत किस्मों के प्रसार से अमरूद की उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता और मिठास में वृद्धि होगी, जिससे किसानों की आय में इजाफा होगा।

कृषि मंत्री ने किसानों, व्यापारियों एवं आमजन से 18-19 जनवरी को आयोजित अमरूद महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन अमरूद उत्पादकों को नई पहचान देगा।