योग, जुम्बा और साइकिल रैली से गूंजा मनेन्द्रगढ़, ‘फिट इंडिया-संडे ऑन साइकिल में दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
41 बार रक्तदान करने वाले रक्तवीर जसपाल सिंह कालरा भी हुए सम्मानित
एमसीबी, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से रविवार, 29 नवंबर 2026 को मनेन्द्रगढ़ में ‘फिट इंडिया-संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में संचालित ‘फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में योग, जुम्बा और साइकिल रैली के माध्यम से नागरिकों एवं विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी रविकांत यादव के मार्गदर्शन तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी विपिन पाण्डेय, विकासखंड स्रोत समन्वयक श्रीमती अलका चौहथा एवं प्राचार्य इन्द्रपाल सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें संजय सेंगर, मनीष यादव, लवकुश गुप्ता, गुरु प्रसाद, सुरेश मिश्रा, कंचन सिंह, विनोद सोनी, विनोद पाण्डेय, टी. गोपाल राव, चंद्रभूषण सोनी, शिव चौधरी, सविता गुप्ता, वंदना सिंह एवं मनीष गुप्ता सहित अन्य सहयोगियों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में हुई। प्रथम चरण में योग गुरु सतीश उपाध्याय के मार्गदर्शन में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। इसमें अधिकारियों, शिक्षा विभाग के कर्मचारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसके बाद जुम्बा ट्रेनर श्रीमती कल्पना चौहान ने जुम्बा एक्सरसाइज का अभ्यास कराया और नियमित व्यायाम के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी।
इसके पश्चात सुबह 8 बजे ‘साइकिल चलाओ-सेहत बनाओ और ‘स्वस्थ भारत-स्वस्थ समाज के नारों के साथ साइकिल रैली को रवाना किया गया। क्षेत्र के प्रसिद्ध ‘साइकिल मैन सतीश द्विवेदी ने रैली की अगुवाई की। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मनेन्द्रगढ़ पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान साइकिलिंग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने, शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और ईंधन आधारित वाहनों के उपयोग में कमी लाकर प्रदूषण नियंत्रण में योगदान देने का संदेश दिया गया।
मानव सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के पांच प्रेरणास्रोत सम्मानित
साइकिल रैली के समापन पर शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में ब्लॉक शिक्षा विभाग एवं पतंजलि योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य जागरूकता और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच विशिष्ट नागरिकों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर नियमित योगाभ्यास के माध्यम से समाज को निरोगी बनाने में योगदान देने वाले योग गुरु सतीश उपाध्याय, अब तक 41 बार रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद करने वाले रक्तवीर जसपाल सिंह कालरा, साइकिल यात्राओं के माध्यम से स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश फैलाने वाले ‘साइकिल मैन सतीश द्विवेदी, मनेन्द्रगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों में रक्तदाताओं का समूह तैयार कर आपातकाल में जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सुमित अग्रवाल तथा जुम्बा एक्सरसाइज के माध्यम से लोगों को फिटनेस के प्रति प्रेरित करने वाली श्रीमती कल्पना चौहान को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विकासखंड शिक्षा अधिकारी विपिन पाण्डेय एवं विकासखंड स्रोत समन्वयक श्रीमती अलका चौहथा ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों, कर्मचारियों, प्रतिभागियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सुबह 7 बजे से 9 बजे तक चले इस आयोजन ने नगर वासियों को स्वस्थ रहने, नियमित व्यायाम करने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने का प्रेरक संदेश दिया।
bhavtarini.com@gmail.com 
