102 करोड़ की टैक्स चोरी करने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार

102 करोड़ की टैक्स चोरी करने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार

आगरा, आगरा में धोखाधड़ी के जरिये सरकार को चूना लगाने का बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश हुआ है जिसने 126 फर्जी फर्म खोलकर 700 करोड़ रुपये का फेक इनवायस जारी कर 102 करोड़ की टैक्स चोरी की है। सेंट्रल जीएसटी अधिकारियों ने गिरोह के मास्टर माइंड नितिन वर्मा को आवास विकास कालोनी से गिरफ्तार कर लिया है।

आवास विकास सैक्टर 7 निवासी नितिन वर्मा ने 2017 से 2019 के बीच 126 फर्जी कंपनियां बनाकर इस घोटाले को अंजाम दिया था। इसमें उसने ऐसे लोगों के आधार कार्ड लिए, जो सीधे साधे थे। उन्हें पता ही नहीं कि उनके आधार कार्ड से फर्जी फर्म खोली गई है। सीजीएसटी की जांच में उसके खुद के दो आधार कार्ड मिले, जिन पर उसके पिता के नाम अलग-अलग दर्ज हैं। आरोपी के सभी बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं।

मध्यप्रदेश, कर्नाटक समेत कई राज्‍यों में फर्जी फर्म बनाए
नितिन वर्मा के एक साथी चंद्रप्रकाश कृपलानी को जनवरी, 2020 में सीजीएसटी गिरफ्तार कर चुकी है। तब 400 करोड़ के लेन-देन की आशंका थी। आरोपी ने कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में उसने फर्जी फर्म रजिस्‍टर्ड कराई। वह 6 माह बाद बिना लेनदेन के करोड़ों के ई-बे बिल, आईटीसी क्लेम कर बंद कर देता था। आरोपी को रविवार को उसके घर से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। विभागीय टीम इसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

रिकवरी की प्रक्रिया शुरू, काली कमाई से बनाई बेनामी प्रॉपर्टी
सीजीएसटी टीम के अधीक्षक आरडी सिंह ने बताया कि आरोपी से रिकवरी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 100 करोड़ से ज्‍यादा की टैक्‍स चोरी करने वाला नितिन वर्मा रईसों की जिंदगी जी रहा था। वह लगातार विदेशी दौरे कर रहा था। उसने अपनी काली कमाई से कई बेनामी प्रॉपर्टी बना ली है। कुछ राजनेताओं से भी उसकी नजदीकी की खबरें हैं।