हिमाचल में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर लगी मुहर, होंगे नए मुख्यमंत्री

हिमाचल में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर लगी मुहर, होंगे नए मुख्यमंत्री

शिमला, हिमाचल के मुख्यमंत्री पद पर कांग्रेस की तलाश पूरी हो गई है। कांग्रेस आलाकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर अपनी मंजूरी दे दी है। पिछले 40 साल से कांग्रेस में रहे सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल के नए मुख्यमंत्री होंगे। उनके नाम की आधिकारिक घोषणा कांग्रेस विधायकों की बैठक के बाद पर्यवेक्षकों ने की। हिमाचल में डिप्टी सीएम भी होंगे। मुकेश अग्निहोत्री डिप्टी सीएम बनेंगे। मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम का शपथग्रहण कल रविवार 13 दिसंबर को 11 बजे होगा। इस बात की घोषणा शिमला में कांग्रेस विधायकों की बैठक के बाद पर्यवेक्षकों ने की। मालूम हो कि 68 विधानसभा सीटों वाले हिमाचल में कांग्रेस ने 40 सीटों पर जीत हासिल की है। स्पष्ट बहुमत हासिल के बाद भी बीते दो दिन से हिमाचल के नए सीएम को लेकर कांग्रेस में मंथन का दौर जारी था।

चौथी बार विधायक चुने गए हैं सुक्खू
हिमाचल विधानसभा चुनाव 2022 में सुखविंदर सिंह सुक्खू कांग्रेस प्रचार समिति के प्रमुख थे। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत के साथ जीत हासिल की। वह खुद चौथी बार विधायक चुने गए हैं, उन्होंने हमीरपुर जिले की नादौन सीट से चुनाव लड़ा था। वह कांग्रेस के साथ पिछले 40 सालों से जुड़े हुए हैं।

हाईकमान और संगठन तक गहरी पहुंच 
इतने लंबे समय से उनके पार्टी से जुड़े होने के कारण पार्टी के विधायकों का समर्थन भी मिल रहा है। इसके अलावा उनकी हाईकमान और संगठन तक गहरी पहुंच भी है। वहीं जनता के बीच भी उनकी काफी गहरी पकड़ है। सुक्खू से ज्यादा से ज्यादा विधायकों का समर्थन है।

सुक्खू के अलावा इन नामों की चल रही थी चर्चा
सुखविंदर सिंह सुक्खू के अलावा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह, मुकेश अग्निहोत्री सहित कई अन्य नाम सीएम की रेस में थे। लेकिन अब कांग्रेस आलाकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर अपनी मंजूरी दे दी है।

छात्र जीवन से शुरू की राजनीति
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छात्र जीवन से ही राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। सरकारी कॉलेज संजौली, शिमला के छात्र रहते हुए वह छात्र संघ के महासचिव और अध्यक्ष चुने गए थे। 1989 से 1995 के बीच वह कांग्रेस की छात्र विंग नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) अध्यक्ष रहे। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से पीजी और एलएलबी की पढ़ाई की है। लॉ में डिग्री हासिल करने के बाद वह स्टूडेंट्स पॉलिटिक्स से जुड़ गए थे।

नवनिर्वाचित विधायकों की वन टू वन बैठक 
शुक्रवार को शिमला में कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों की वन टू वन बैठक में 15 से अधिक विधायकों ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को सीएम बनाने की बात कही है। ऐसे में माना जा रहा है कि सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।

इसे भी देखें

- देश-दुनिया तथा खेत-खलिहान, गांव और किसान के ताजा समाचार पढने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म गूगल न्यूजगूगल न्यूज, फेसबुक, फेसबुक 1, फेसबुक 2,  टेलीग्राम,  टेलीग्राम 1, लिंकडिन, लिंकडिन 1, लिंकडिन 2, टवीटर, टवीटर 1, इंस्टाग्राम, इंस्टाग्राम 1कू ऐप से जुडें- और पाएं हर पल की अपडेट