अब पंजाब में नहीं होगी बिजली कटौती, मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंड ने किया ऐलान
चंडीगढ़। पंजाब में बिजली कटौती को लेकर चल रहे विवाद के बीच राज्य के बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंड ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि 13 सितंबर से पंजाब में आगे किसी तरह की बिजली कटौती नहीं की जाएगी। मंत्री के मुताबिक सरकार ने थर्मल पावर प्लांट्स की मरम्मत और जरूरी काम पूरा करा लिया है, जबकि निजी बिजली संयंत्रों से भी बिजली की आपूर्ति शुरू हो गई है।
किसानों को मिल रही 10 घंटे बिजली
बिजली मंत्री ने कहा कि राज्य के किसानों को पहले की तुलना में अधिक बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। फिलहाल किसानों को करीब 10 घंटे बिजली की सप्लाई दी जा रही है। धान के सीजन के दौरान किसानों को जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त बिजली उपलब्ध कराने की बात भी मंत्री ने कही।
उन्होंने बताया कि इस साल पंजाब में बिजली की मांग पिछले साल के मुकाबले करीब 3,500 मेगावाट अधिक रही है। इसके बावजूद सरकार बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
PSPCL के CMD का तबादला
बिजली संकट के बीच पंजाब सरकार ने पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के चीफ मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) IAS अधिकारी बसंत गर्ग का तबादला कर दिया है। उनकी जगह IAS अधिकारी गुरकीरत कृपाल सिंह को PSPCL के CMD की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बिजली कटौती के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी डाइंग इंडस्ट्री
अनियमित बिजली कटौती को लेकर लुधियाना की डाइंग इंडस्ट्री में भी नाराजगी है। बिजली संकट से परेशान डाइंग इंडस्ट्री की ओर से चंडीगढ़ रोड पर प्रदर्शन किए जाने की बात कही गई है।
वहीं, कांग्रेस भी लगातार बिजली कटौती के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी सरकार को घेर रही है। पार्टी की ओर से पटियाला में PSPCL मुख्यालय का घेराव किया जा रहा है।
AAP ने केंद्र सरकार पर लगाया था आरोप
बिजली संकट को लेकर पंजाब आम आदमी पार्टी के नेता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि पिछले 4-5 दिनों में पंजाब में पैदा हुआ बिजली संकट केंद्र सरकार के नकारात्मक रवैये और राज्य को उसके उचित हिस्से से वंचित करने की नीति का परिणाम है।
धालीवाल ने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और पावरकॉम के अधिकारियों के प्रयासों से पंजाब अब बिजली संकट से पूरी तरह बाहर निकल चुका है।
निजी थर्मल प्लांट में तकनीकी खराबी से पैदा हुआ था संकट
AAP के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल के मुताबिक बिजली संकट की मुख्य वजह तलवंडी साबो और नाभा स्थित निजी थर्मल पावर प्लांट्स में आई तकनीकी खराबी थी। उन्होंने कहा कि दोनों प्लांट्स की समस्या अब ठीक कर ली गई है।
धालीवाल ने दावा किया कि रविवार सुबह 6 बजे से पंजाब में कृषि, औद्योगिक और घरेलू उपभोक्ताओं को बिना किसी कटौती के बिजली की आपूर्ति की जा रही है।
bhavtarini.com@gmail.com
