राजस्थान में बोले पीएम मोदी, कहा- भाजपा की प्राथमिकता महिला सशक्तीकरण, कांग्रेस की अपमान और अत्याचार  

राजस्थान में बोले पीएम मोदी, कहा- भाजपा की प्राथमिकता महिला सशक्तीकरण, कांग्रेस की अपमान और अत्याचार  

कोटा, पीएम नरेंद्र मोदी ने आज बारां के अंता, कोटा के दशहरा मैदान और करौली में जनसभा को संबोधित किया। महिला अत्याचार पर कांग्रेस नेताओं के बयानों को आधार बनाते हुए उन्होंने कहा- भाजपा की प्राथमिकता महिला सशक्तीकरण है, वहीं कांग्रेस की महिलाओं का अपमान और अत्याचार है। यहां के मुख्यमंत्री कहते हैं कि राजस्थान में महिलाएं झूठ बोलती हैं, रेप के झूठे केस दर्ज कराती हैं। ये गंभीर आरोप है। उन्होंने माताओं-बहनों के संस्कार पर कलंक लगाने की कोशिश की है। मोदी ने कहा- मुख्यमंत्री के करीबी मंत्री कहते हैं कि राजस्थान मर्दों का प्रदेश है, इसलिए वो तो ऐसे प्रमाण पत्र दे रहे हैं, जैसे बहनों-बेटियों पर अत्याचार करना अत्याचारियों का अधिकार है। गहलोत जी ये आपके दरबारी लोग क्या बोल रहे हैं, आपकी क्या मजबूरी है। राजस्थान के मर्द तो वो हैं, जो बहन-बेटियों की इज्जत के लिए अपना सिर कटवाने के लिए मैदान में उतरते हैं।

यहां हर तीज-त्योहार के दौरान दंगे होते रहे 

उन्होंने कहा- जब से राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनी है, तब से यहां हर तीज-त्योहार के दौरान दंगे होते रहे हैं। हर वर्ष कोई न कोई बड़ा दंगा राजस्थान में जरूर हुआ है। कहीं परशुराम जयंती पर हमला, कहीं नव वर्ष की शोभा यात्रा पर हमला, कभी दशहरे के जुलूस पर हमला। ये हमले इसलिए नहीं रुकते, क्योंकि दंगों के आरोपी मुख्यमंत्री के आवास पर दावत करते हैं। जो अपराधियों को दावत दे, क्या वो कांग्रेस आपकी रक्षा कर सकती है।

आपका वोट ऐसे महिला विरोधी मंत्रियों को हराने का काम भी करेगा

कांग्रेस के इस मंत्री (शांति धारीवाल) की एक और हरकत कल से पूरा राजस्थान और देश देख रहा है। कल एक माता और बहन को पैसों का लालच देकर उसका वोट खरीदने की कोशिश हो रही थी। मैं उस मां को, उस बहन को बहुत धन्यवाद करता हूं जिन्होंने न सिर्फ वो पैसे लौटाए बल्कि कांग्रेस के इस दागी मंत्री और उसकी टोली को करारा जवाब भी दिया। इस तरह की हरकतें भी राजस्थान की बहनें-बेटियों का बड़ा अपमान है। 25 नवंबर को जब वोट देने जाएंगे तो याद रखिएगा कि आपका वोट ऐसे महिला विरोधी मंत्रियों को हराने का काम भी करेगा।

जादूगर जी के चेहरे पर हवाइयां उड़ रही हैं

भाया रे भाया खूब खाया, एक गांव तो पूरा ही खाया जब तक भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण नाम के देश के तीन दुश्मन हमारे बीच हैं, तब तक इस संकल्प का पूरा होना मुश्किल है। कांग्रेस इन तीन बुराइयों की सबसे बड़ी प्रतीक है। आजकल राजस्थान की लाल डायरी की सबसे अधिक चर्चा है। इस साल लाल डायरी के पन्ने जैसे-जैसे खुल रहे हैं, वैसे-वैसे जादूगर जी के चेहरे पर हवाइयां उड़ रही हैं। लाल डायरी में साफ-साफ लिखा है कि कांग्रेस सरकार ने पांच वर्षों में आपके जल, जंगल और जमीन को कैसे बेचा है। सोरसेन गोडावण अभयारण्य में क्या हुआ, ये आप मुझसे ज्यादा जानते हैं। अवैध खनन के तार किससे जुड़े हैं, ये किसी से छिपा नहीं है। मैंने कहीं पढ़ा कि कांग्रेस के विधायक ने यहां के मंत्री के लिए कहा है- 'भाया रे भाया खूब खाया। एक गांव तो पूरा ही खाया।' कांग्रेस में मंत्री हों, विधायक हों, सब बेलगाम हैं।

चंबल रिवर फ्रंट में घोटाले की जांच होगी

कांग्रेस ने चंबल रिवर फ्रंट में घोटाले किए हैं। लोगों पर दबाव बनाकर कांग्रेस ने जिस घंटी को जबरन खुलवाने की कोशिश की, उसने एक गरीब मजदूर और एक इंजीनियर का जीवन छीन लिया। गहलोत सरकार 25 नवंबर को वोटिंग वाले दिन एक घंटा खुलवाने का दबाव डाल रही थी। राजस्थान में सरकार बनने पर भाजपा हादसे की जांच कराएगी। राजस्थान में समाज विरोधी ताकतों के हौसले बुलंदी पर हैं। राजस्थान में इंसान का सरेआम गला काटा जा रहा है। इन दंगाइयों पर कड़ा एक्शन होना चाहिए था। ये जेल में होने चाहिए थे, लेकिन यहां छबड़ा दंगों का आरोपी सीएम के सरकारी आवास में रेड कारपेट पर चलता है। दंगाइयों के साथ-साथ कांग्रेस के मंत्री, बहनों-बेटियों पर अत्याचार करने वालों के साथ भी मजबूती से खड़े रहते हैं। यहां राजस्थान में राम नवमी, हनुमान जयंती के जुलूस रोके जाते हैं, पावन त्योहारों पर कफ्र्यू लगाए जाते हैं। लेकिन, आतंकी संगठन पीएफआई की रैली पूरे बंदोबस्त से कराई जाती है।

आपको कांग्रेस के झूठ से सावधान रहने की जरूरत 

महिला सुरक्षा और महिला कल्याण भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। अपनी बहनों को धुएं से मुक्ति मिले, इसके लिए आपके इस भाई ने मुफ्त गैस कनेक्शन दिए हैं। इस रक्षा बंधन पर भी हमने उज्ज्वला गैस कनेक्शन पर बड़ी राहत दी थी। अब राजस्थान भाजपा ने गैस के सिलेंडर को और भी सस्ते में देने का ऐलान किया है। कांग्रेस गैस सिलेंडर को लेकर जो झूठ राजस्थान की बहनों-बेटियों से बोल रही है, उससे आपको ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। कांग्रेस के झूठ का सिलेंडर और भी महंगा है।

पेट्रोल-डीजल पर करीब 12 रुपए ज्यादा ये राजस्थान सरकार लूट रही 

कांग्रेस की लुटेरी सरकार जनता से किस तरह खिलवाड़ करती है, ये भी राजस्थान के लोग भली-भांति जानते हैं। कांग्रेस ने यहां बिजली बिल कम करने को कहा था, लेकिन अब गहलोत सरकार हजारों भाई-बहनों को बिजली के बिल की रिकवरी के नोटिस भेज रही है। यही कांग्रेस का दोगलापन, फरेब और झूठ का गुब्बारा है। कांग्रेस की नीतियों के कारण आज राजस्थान उन राज्यों में से एक है, जहां बेरोजगारी और महंगाई सबसे अधिक है। राजस्थान में भाजपा सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स कम किया था, लेकिन यहां भी कांग्रेस सरकार ने टैक्स वापस बढ़ाकर लोगों की जेब काट ली है। आज आपके पड़ोस मध्य प्रदेश, गुजरात और हरियाणा में भाजपा सरकार है, पेट्रोल सस्ता है। लेकिन, राजस्थान में प्रति लीटर करीब 12 रुपए ज्यादा ये राजस्थान सरकार लूट रही है। मैं आपको गारंटी देता हूं कि 3 दिसंबर के बाद भाजपा सरकार बनते ही यहां पेट्रोल-डीजल के दामों पर जनहित में समीक्षा की जाएगी। जनहित में फैसला लिया जाएगा।

एक-एक लॉकर खुलेगा और लॉकर वाला लॉक में होगा

कांग्रेस के पेपर लीक माफिया ने गरीब के इन सपनों को भी चकनाचूर कर दिया है। पेपर लीक माफिया ने एक-एक पेपर लाखों में बेचा है। यहां के कर्मचारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग से भी कांग्रेस के नेताओं ने तिजोरियां भरी हैं। इससे जो काली कमाई की है, जो काला धन इकट्ठा किया है, वो जयपुर में लॉकरों से बाहर निकल रहा है। आजकल कांग्रेस वाले एक-दूसरे से मिलते हैं न, वो कहते हैं- यार छोड़ो चुनाव, ये देखो कहीं लॉकर का पता न चल जाए। उनको अब न राजस्थान की चिंता है, न खुद के चुनाव की चिंता है, कैसे भी लॉकर बचाना है। मोदी ने तय किया है एक-एक लॉकर खुलेगा और लॉकर वाला लॉक में होगा। नोटों के ढेर और सोने की ईंटें। आपको याद होना चाहिए ये सोना आलू से बना हुआ नहीं है। यही काला सोना अब जादूगर जी को सोने नहीं दे रहा है। अभी तो यह शुरुआत है, ट्रेलर है, पूरी फिल्म अभी बाकी है। 3 दिसंबर को भाजपा सरकार बनने के बाद यह जांच और तेज होने वाली है। राजस्थान को लूटने वाला कोई भ्रष्टाचारी बच नहीं सकता है।

सोशल मीडिया पर देखें खेती-किसानी और अपने आसपास की खबरें, क्लिक करें...

- देश-दुनिया तथा खेत-खलिहान, गांव और किसान के ताजा समाचार पढने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म गूगल न्यूजगूगल न्यूज, फेसबुक, फेसबुक 1, फेसबुक 2,  टेलीग्राम,  टेलीग्राम 1, लिंकडिन, लिंकडिन 1, लिंकडिन 2टवीटर, टवीटर 1इंस्टाग्राम, इंस्टाग्राम 1कू ऐप से जुडें- और पाएं हर पल की अपडेट