राहुल गांधी समाज को कर रहे भ्रमित: डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी

राहुल गांधी समाज को कर रहे भ्रमित: डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी

डॉ. सोलंकी ने आदिवासी संस्कृति को देखने और समझने की राहुल गांधी को दी सलाह

इंदौर। जनजातीय समाज को कांग्रेस पार्टी वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करती है। कांग्रेस की नीति ही अंग्रेजों की तरह फूट डालो और शासन करो की रही है। आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी मध्यप्रदेश के शहडोल में आकर उसी नीति के तहत हमारे भोले-भाले आदिवासी भाई-बहनों के बीच झूठ बोलकर भ्रम फैला रहे हैं। राहुल गांधी आदिवासी, जनजाति, वनवासी शब्दों में विभेद करके जनजाति समुदाय के लोगों को भ्रमित कर उन्हें बांट रहे हैं। मेरी राहुल गांधी को सलाह है की वह प्राथमिक रूप से आदिवासी संस्कृति को देख व समझ लेते तो शब्दों का भ्रम नहीं फैलाते। यह बात राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने मंगलवार को इंदौर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही।

राज्यसभा सांसद डॉ. सोलंकी ने कहा कि राहुल गांधी शब्दों का भ्रम फैलाकर जनजाति समुदाय को बांट रहे हैं। कांग्रेस पार्टी और उनके नेता 60 सालों तक अपनी झूठी योजनाएं गिनाकर जनता में भ्रम फैलाते रहे हैं। अब हमारे जनजाति भाई-बहन कांग्रेस की झूठी घोषणाओं से भ्रमित होने वाले नहीं हैं। कांग्रेस की सरकार ने जनजाति समुदाय का शोषण किया, जो हमारे जनजाति भाई-बहनों को समझ में आ चुका है।

भाजपा सरकार ने शहडोल की धरती से लागू किया पेसा एक्ट
राज्यसभा सांसद डॉ. सोलंकी ने कहा कि जिस शहडोल की धरती से राहुल गांधी ने झूठ फैलाने का कार्य किया है, उसी शहडोल की धरती से राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने मध्यप्रदेश में पेसा एक्ट लागू किया था। जबकि कांग्रेस आजादी के बाद से अधिक वर्षों तक सत्ता में रही, लेकिन कभी भी पेसा एक्ट लागू नहीं किया, क्योंकि वह जानती थी कि पेसा एक्ट लागू करने से आदिवासी अधिकार संपन्न हो जाएंगे और उनका वोट बैंक खत्म हो जाएग। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पेसा एक्ट लागू कर आदिवासियों को जल, जंगल और जमीन का अधिकार उन्हें दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी ने पृथक से जनजातीय मंत्रालय बनाकर इस वर्ग के हितों की चिंता की। कांग्रेस ने कभी भी आदिवासी समाज के महापुरूषों का सम्मान नहीं किया, प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का उपहार देकर संपूर्ण आदिवासी समाज का सम्मान किया है। भाजपा सरकार ने जनजातीय महापुरूषों के स्मारकों का निर्माण करवा रही है।

कांग्रेस ने झूठी घोषणाएं की, मोदी जी ने पक्के मकान बनवाकर दिए
डॉ. सोलंकी ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मध्यप्रदेश में राजनीतिक पर्यटन पर आते हैं और आदिवासी समाज के लोगों की झोपड़ियों में जाकर फोटो खिंचवाकर उसे विज्ञापन की तरह प्रचारित करते हैं। उन्होंने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने आदिवासी समाज का कर्ज माफ करने सहित कई घोषणाएं की थीं, लेकिन एक भी घोषणा पूरी नहीं की। आज आदिवासी अंचल के सुदूर मजरों-टोलों में प्रधानमंत्री सड़क योजना की पक्की सड़कें हैं और झोपड़ियों की जगह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने पीएम आवास योजना के पक्के मकान बनवाकर दिए हैं।

सोशल मीडिया पर देखें खेती-किसानी और अपने आसपास की खबरें, क्लिक करें...

- देश-दुनिया तथा खेत-खलिहान, गांव और किसान के ताजा समाचार पढने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म गूगल न्यूजगूगल न्यूज, फेसबुक, फेसबुक 1, फेसबुक 2,  टेलीग्राम,  टेलीग्राम 1, लिंकडिन, लिंकडिन 1, लिंकडिन 2टवीटर, टवीटर 1इंस्टाग्राम, इंस्टाग्राम 1कू ऐप से जुडें- और पाएं हर पल की अपडेट