एनएमडीसी की खदान में मिला 13.16 कैरेट का दुर्लभ हीरा, एक करोड़ हो सकती है कीमत

nadeem khan
पन्ना। रत्नगर्भा पन्ना की धरती ने एक बार फिर अपनी समृद्ध हीरा विरासत का प्रमाण देते हुए दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है। पन्ना जिले के मझगवां स्थित एनएमडीसी लिमिटेड की हीरा खदान से 13.16 कैरेट का दुर्लभ जेम क्वालिटी प्राकृतिक हीरा प्राप्त हुआ है। मार्च 2024 में खदान का संचालन पुनः शुरू होने के बाद यह अब तक का सबसे बड़ा जेम श्रेणी का हीरा माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार इस हीरे की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये तक हो सकती है, हालांकि इसकी वास्तविक कीमत नीलामी के दौरान गुणवत्ता और बाजार की मांग के आधार पर तय होगी। एनएमडीसी लिमिटेड द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह बहुमूल्य हीरा नियमित खनन और किम्बरलाइट अयस्क के प्रोसेसिंग के दौरान प्राप्त हुआ। इससे पहले पुनः संचालन शुरू होने के बाद परियोजना से 10.04 कैरेट का जेम क्वालिटी हीरा मिला था, लेकिन 13.16 कैरेट का यह हीरा उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ चुका है। पिछले दो वर्षों में इसे परियोजना की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल किया जा रहा है। मझगवां स्थित एनएमडीसी की हीरा खदान भारत की एकमात्र संगठित और पूर्णतः यंत्रीकृत हीरा खदान है। यह एशिया की सबसे बड़ी मैकेनाइज्ड डायमंड माइंस में भी गिनी जाती है। यहां दशकों से उच्च गुणवत्ता वाले प्राकृतिक हीरों का उत्पादन होता रहा है और पन्ना के हीरे देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी अलग पहचान रखते हैं। मझगवां हीरा परियोजना का इतिहास भी कई बड़े और दुर्लभ हीरों का साक्षी रहा है। अतीत में यहां इससे भी बड़े आकार के अनेक बहुमूल्य प्राकृतिक हीरे मिल चुके हैं। हालांकि मार्च 2024 में खनन कार्य दोबारा शुरू होने के बाद प्राप्त जेम क्वालिटी हीरों में यह सबसे बड़ा हीरा है, जिससे इसकी अहमियत और बढ़ गई है। एनएमडीसी प्रबंधन ने इस उपलब्धि को डायमंड माइनिंग प्रोजेक्ट की टीम की मेहनत, तकनीकी दक्षता और उत्कृष्ट संचालन क्षमता का परिणाम बताया है। कंपनी का कहना है कि जिम्मेदार खनन, आधुनिक तकनीक और सतत विकास के सिद्धांतों के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और उपयोग की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। करीब दो वर्षों में मिले इस सबसे बड़े जेम क्वालिटी हीरे ने मझगवां डायमंड माइनिंग प्रोजेक्ट से लेकर एनएमडीसी मुख्यालय हैदराबाद तक उत्साह का माहौल बना दिया है। रत्नगर्भा पन्ना की धरती से निकले इस बेशकीमती हीरे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पन्ना आज भी दुनिया के श्रेष्ठ प्राकृतिक हीरों का समृद्ध भंडार समेटे हुए है।
bhavtarini.com@gmail.com 
