मुख्य सचिव की अध्यक्षता में भारत टैक्सी की समीक्षा बैठक आयोजित

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में भारत टैक्सी की समीक्षा बैठक आयोजित

जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में रविवार को नेहरू सहकार भवन में भारत टैक्सी के संचालन, सेवाओं की गुणवत्ता एवं राइड संख्या में वृद्धि के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने राज्य में भारत टैक्सी की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए इसके संचालन को अधिक प्रभावी, प्रतिस्पर्धी एवं जनोपयोगी बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने भारत टैक्सी के अधिकारियों  को आगामी 2 माह में 5,000 राइड प्रतिदिन तक बढ़ाने के लक्ष्य के अनुरूप इसके लिए समर्पित टीम गठित करने, प्रभावी प्रोत्साहन (इंसेंटिव) मॉडल विकसित करने तथा आगामी 15 दिवस में व्यापक मार्केटिंग एवं कार्ययोजना तैयार कर क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।

श्रीनिवास ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भारत टैक्सी का प्रचार-प्रसार करने, स्टैंडी स्थापित करने, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से प्रचार गतिविधियां संचालित करने तथा जयपुर नगर निगम के सहयोग से मार्केटिंग को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस, परिवहन,नगर निगम, डेयरी आदि विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग प्राप्त करने पर भी जोर दिया।

मुख्य सचिव ने स्वयं अपने मोबाइल फोन पर भारत टैक्सी ऐप का अवलोकन किया तथा इसकी कार्य प्रणाली एवं उपयोगकर्ता अनुभव में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक राइड की समीक्षा करने तथा यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। श्रीनिवास ने भारत टैक्सी के संचालन की दैनिक मॉनिटरिंग, पोर्टल पर नियमित प्रगति रिपोर्ट दर्ज करने तथा व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से प्रतिदिन समीक्षा एवं समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, सारथियों के साथ नियमित संवाद स्थापित कर निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति का सतत आंकलन करने तथा सेवाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए|

बैठक में बताया गया कि जयपुर में वर्तमान में भारत टैक्सी पर 53,766 ड्राइवर पंजीकृत हैं। मुख्य सचिव ने राइड संख्या में वृद्धि के लिए ठोस एवं परिणामोन्मुखी प्रयास करने के निर्देश दिए। इस दौरान सहकारिता विभाग के शासन सचिव डॉ. समित शर्मा, राजफेड के एमडी सौरभ स्वामी, ट्रांसपोर्ट कमिश्नर पुरुषोत्तम शर्मा, नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा, आरसीडीएफ एमडी श्रुति भारद्वाज सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।