सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं को मिली नई उड़ान

सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं को मिली नई उड़ान

रायपुर, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुलता उसेंडी ने गुरुवार को विकासखंड कोंडागांव के ग्राम बड़ेकनेरा स्थित शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम में शामिल होकर कक्षा 9वीं की छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विधायक सुलता उसेंडी ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य कक्षा 9वीं में अध्ययनरत छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराकर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा विद्यालय तक उनकी पहुंच को सुगम बनाना है। उन्होंने कहा कि यह योजना विशेष रूप से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुई है। इससे विद्यालय छोड़ने की दर (ड्रॉपआउट) में कमी आई है और बालिकाओं की नियमित उपस्थिति में भी वृद्धि हुई है।

सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं को मिली नई उड़ान

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है।

कार्यक्रम के उपरांत विधायक ने विद्यालय परिसर में ष्एक पेड़ मां के नामष् अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रामदाई नाग, ग्राम पंचायत बड़ेकनेरा के सरपंच प्रकाश चुरूगिया, उपसरपंच सोहन पोयाम, हितेश झा, पार्षद सुसोनामणि पोयाम, पार्षद संतोष पात्र, श्रीमती ननकी वैष्णव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बालसिंह बघेल, प्रेमसिंह नाग, पूर्व जनपद सदस्य सुरेश देवांगन, केजूराम नेताम, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।