शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री ने जोधपुर में ली जिला स्तरीय समीक्षा बैठक
जयपुर। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री व जोधपुर जिला प्रभारी मंत्री मदन दिलावर की अध्यक्षता में गुरुवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर, जोधपुर में जिला स्तरीय अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रभारी सचिव भवानी सिंह देथा, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर जोर
प्रभारी मंत्री दिलावर ने जिले में संचालित विकास कार्यों एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी योजनाओं एवं परियोजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
“विजन-2047” के अनुरूप कार्य करने के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य सरकार के “विजन-2047” के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा जनसामान्य से जुड़े मुद्दों का त्वरित एवं संवेदनशील समाधान किया जाए।
ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा
बैठक में आगामी ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए समर कंटींजेंसी प्लान, टैंकर प्रबंधन, वैकल्पिक जल स्रोतों की उपलब्धता एवं जल संकट संभावित क्षेत्रों की सतत मॉनिटरिंग पर विशेष चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में जल संकट की संभावना है, वहाँ पूर्व से ही टैंकरों के माध्यम से निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा खराब हैंडपंप एवं नलकूपों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए।
हीट वेव की संभावित स्थिति को देखते हुए चिकित्सा विभाग की तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने आमजन को लू से बचाव के प्रति जागरूक करने तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ एवं दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बजट घोषणाओं की प्रगति एवं भूमि उपलब्धता पर फोकस
बैठक में वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की बजट घोषणाओं की प्रगति तथा वर्ष 2026-27 की बजट घोषणाओं के लिए भूमि की उपलब्धता, आवंटन की स्थिति एवं अवरोधों के समाधान पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। साथ ही आवश्यकतानुसार वैकल्पिक भवनों के चिन्हीकरण के निर्देश भी दिए गए।
‘पंच गौरव’ एवं ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ की समीक्षा
प्रभारी मंत्री ने ‘पंच गौरव’ कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित कार्यों की भौतिक, वित्तीय एवं विपणन प्रगति की समीक्षा करते हुए स्थानीय जनभागीदारी को बढ़ाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) के तहत चयनित उत्पादों के विकास, विपणन, स्थानीय उद्यमिता एवं रोजगार सृजन की स्थिति का भी आंकलन किया गया।
बैठक में TSP एवं SCSP निधियों के व्यय की प्रभावशीलता की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि इन निधियों का उपयोग लक्षित वर्गों तक अधिकतम लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से किया जाए।
प्रभारी मंत्री ने सम्पर्क पोर्टल पर लंबित परिवेदनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। इसके साथ ही बोनाफाइड, EWS एवं जाति प्रमाण-पत्र जारी करने तथा प्री- व पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्तियों के वितरण में हो रहे विलंब के कारणों की समीक्षा कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
फ्लैगशिप योजनाओं एवं ‘राइजिंग राजस्थान’ एमओयू की प्रगति की समीक्षा
राज्य सरकार की 25 फ्लैगशिप योजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति तथा लाभार्थियों तक उनकी पहुँच का मूल्यांकन किया गया।
साथ ही ‘राइजिंग राजस्थान’ के अंतर्गत हुए एमओयू की प्रगति, बाधाओं एवं उनके निवारण हेतु कार्ययोजना पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
शिक्षा, ‘नमो नर्सरी’ एवं विद्यालयों की स्थिति पर चर्चा
बैठक में ‘नमो नर्सरी’ की तैयारियों, विद्यालय भवनों की भौतिक स्थिति एवं आवश्यक मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई। जर्जर विद्यालयों के पुनर्निर्माण एवं वैकल्पिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी या बाधा न आने देने तथा प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जिला स्तरीय विशेष मुद्दों के समाधान हेतु कार्ययोजना पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और उनके जीवन को सुगम बनाने के लिए कार्यक्रम के तहत विधायक कोष से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से 20 दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरित की गई। ।
bhavtarini.com@gmail.com
