जीएसटी दरों में कमी के ऐतिहासिक निर्णय का लाभ आम उपभोक्ता तक पहुंचाए व्यापारी वर्ग
जयपुर। बालोतरा जिला प्रभारी एवं पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जीएसटी की दरें कम करने के साथ ही जीएसटी की सिर्फ दो स्लैब रखते हुए आमजन को राहत दी है। उन्होंने व्यापारी वर्ग का आह्वान किया कि जीएसटी दरों में कमी का लाभ आज से ही आम उपभोक्ता तक पहुंचाएं। रोजमर्रा की वस्तुओं और सेवाओं के दाम कम होने से उन्हें बचत होगी और वे अपने बच्चों के भविष्य और बेहतर शिक्षा पर ज्यादा खर्च कर पाएंगे, ज्यादा निवेश कर पाएंगे।
कुमावत बुधवार को बालोतरा जिले व्यापारिक संगठनों के साथ बैठक में जीएसटी दरों में कमी का लाभ आम उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए जीएसटी बचत उत्सव के तहत आयोजित चर्चा में भाग ले रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी दरों में कमी कर आमजन को आर्थिक बचत का तोहफा दिया है। इस ऐतिहासिक निर्णय का लाभ व्यापारी वर्ग को वस्तुएं सस्ती कर आमजन पहुंचाना होगा और व्यापारी वर्ग की यह प्राथमिक जिम्मेदारी है कि आज से ही नई दरों का लाभ अंतिम उपभोक्ता तक पहुंचाएं। उन्होंने सभी को संकल्प दिलाया कि स्वदेशी को बढ़ावा देने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को अपनाते हुए सभी राष्ट्र को प्रथम मानकर स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करें। उन्होंने व्यापारी वर्ग का आह्वान किया कि जीएसटी की दरों में की गई कमी का लाभ आम उपभोक्ताओं तक आज से ही पहुंचना शुरू करें।
किसान आयोग के अध्यक्ष सी. आर. चौधरी ने कहा कि देश ने हाल ही में कई चुनौतियों का सामना किया है। पूरे विश्व ने हमारी क्षमताओं को देखा है। देश के समक्ष मौजूद चुनौतियों का मुकाबला करने एवं इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास करने के लिए सरकार को पैसों की जरूरत होती है जो कि करों के माध्यम से मिलता है।
विधायक हमीर सिंह ने कहा कि हमें अपनी जरूरत की वस्तुएं दूसरे देश से नहीं मंगवा कर हमारे देश में निर्मित वस्तुओं का उपयोग करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि पुराने स्टॉक की वस्तुओं को भी आज से नई जीएसटी दरों के अनुसार बेचें ताकि उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री के इस महत्वपूर्ण फैसले का लाभ मिले।
बैठक में बालोतरा जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
bhavtarini.com@gmail.com
