बीकानेर हाउस में महक रही राजस्थानी व्यंजनों के स्वाद की छटा
तमिलनाडु के आवासीय आयुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने किया मेले का भ्रमण
जयपुर। नई दिल्ली के बीकानेर हाउस में 24 अगस्त तक आयोजित हो रहे ‘तीजोत्सव 2026’ में राजस्थान की समृद्ध खान-पान परंपरा और पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों की विशेष झलक देखने को मिल रही है। तीजोत्सव के दौरान दिल्लीवासियों को राजस्थान के पारंपरिक स्वाद, आतिथ्य और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का अवसर मिल रहा है।
इस अवसर पर प्रमुख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार ने बताया कि तीजोत्सव का उद्देश्य राजस्थान की समृद्ध लोक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के साथ-साथ उसकी विशिष्ट पाक-कला को भी व्यापक मंच प्रदान करना है। राजस्थानी व्यंजन केवल स्वाद का विषय नहीं हैं, बल्कि वे राजस्थान की लोक संस्कृति, परंपरा, आतिथ्य और जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा हैं।
उन्होंने बताया कि तीजोत्सव में राजस्थान के विभिन्न अंचलों के पारंपरिक एवं लोकप्रिय व्यंजन विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। इनमें दाल-बाटी-चूरमा, गट्टे की सब्जी, केर-सांगरी, बाजरे की राबड़ी, मिर्ची बड़ा, कढ़ी-पकौड़ा सहित अन्य पारंपरिक व्यंजन शामिल हैं। राजस्थानी व्यंजनों के साथ पारंपरिक मिठाइयों एवं पकवानों की भी विशेष व्यवस्था की गई है। घेवर, मिल्क केक और रबड़ी जैसे व्यंजन राजस्थान की विशिष्ट मिठास और पाक-कला की समृद्ध परंपरा को प्रदर्शित कर रहे है।
मेले में संगीत प्रतियोगिता का आयोजन
तीजोत्सव को और अधिक मनोरंजक और उत्साहवर्धक बनाने के लिए बुधवार को संगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ रोहित कुमार आवासीय राजस्थान सरकार, नई दिल्ली में तमिलनाडु सरकार के आवासीय आयुक्त आशीष कुमार तथा राजस्थान फाउंडेशन के अध्यक्ष रामावतार किला ने किया। रोहित कुमार ने बताया कि जिसमें सभी वर्ग के महिला व पुरुषों ने राजस्थानी लोक संगीत और पारंपरिक प्रस्तुतियों का गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानपूर्वक उपहार भेंट किए गए।
उन्होंने बताया कि बीकानेर हाउस में आयोजित यह उत्सव आगंतुकों को राजस्थान की विविधता और विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। उन्होंने बताया कि बुधवार को मेल का भ्रमण करने वाले महत्वपूर्ण आगंतुकों में राहुल मलिक, आईपीएस, निदेशक विदेश मंत्रालय, मती मोनालिसा दास, भारतीय वन सेवा, संयुक्त सचिव आयुष मंत्रालय, राजेश परिहार, भारतीय विदेश सेवा,मती निष्ठा तिवारी आईआरएस, निदेशक गृह मंत्रालय शामिल रहे।
bhavtarini.com@gmail.com
