जशपुर जिले के 417 ग्रामों में मनाया जाएगा जनजातीय गरिमा उत्सव

जशपुर जिले के 417 ग्रामों में मनाया जाएगा जनजातीय गरिमा उत्सव

स्वास्थ्य शिविर, जनसुनवाई, योजनाओं का संतृप्तिकरण और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से जनजातीय समुदायों तक पहुंचेगी शासन की सेवाएं

रायपुर, भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार “जन भागीदारी - सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के अंतर्गत जशपुर जिले के 417 धरती आबा ग्रामों एवं पीएम-जनमन ग्रामों में 18 मई से 25 मई 2026 तक जनजातीय गरिमा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य दूरस्थ जनजातीय अंचलों में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा जनजातीय संस्कृति, परंपरा और गौरव का सम्मान करना है।

अभियान की शुरुआत 18 मई को जिला कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में आयोजित बैठक से होगी, जिसमें सभी विभागीय अधिकारियों और एसडीएम को कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। इसके बाद 19 मई से 24 मई तक जिले के 42 क्लस्टरों में संतृप्तिकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं 21 से 23 मई तक आदि सेवा केंद्रों में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित होंगे, जहां ग्रामीण अपनी समस्याएं प्रस्तुत कर सकेंगे और उनका यथासंभव मौके पर समाधान किया जाएगा।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, जागरूकता कार्यक्रम, जनसंवाद, हितग्राही संतृप्तिकरण शिविर तथा विभिन्न विभागों द्वारा सेवा प्रदाय गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्वास्थ्य शिविरों में सामान्य जांच के साथ सिकल सेल एनीमिया एवं टीबी की जांच पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

जनजातीय गरिमा उत्सव में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पारंपरिक मुखिया, जनजातीय कलाकार, युवा समूह, स्व-सहायता समूह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय सहभागिता करेंगे। उत्सव के दौरान जनजातीय लोकनृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, हितग्राहियों के अनुभव साझा करने तथा जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।

जिला प्रशासन जशपुर ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह अभियान जनजातीय समाज को शासन की योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ उनकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।