राजीविका एवं COWE के संयुक्त तत्वावधान में जयपुर में दो दिवसीय महिला उद्यमिता कार्यक्रम का शुभारंभ

राजीविका एवं COWE के संयुक्त तत्वावधान में जयपुर में दो दिवसीय महिला उद्यमिता कार्यक्रम का शुभारंभ

जयपुर। राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) एवं Confederation of Women Entrepreneurs (COWE) के संयुक्त तत्वावधान में संविधान क्लब ऑफ राजस्थान में दो दिवसीय महिला उद्यमिता कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम Women’s International Summit on Entrepreneurship (WISE) 2026 के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिला उद्यमिता, सतत आजीविका एवं समावेशी आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे मुख्य अतिथि रहीं। उदघाटन सत्र को श्रीमती स्मृति ईरानी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को सशक्त बनाने तथा उनके लिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराने पर बल दिया।

श्रीमती वसुंधरा राजे ने राजीविका के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ‘लखपति दीदी’ पहल यह साबित करती है कि छोटे-छोटे प्रयास ही आगे चलकर बड़ी सफलता का आधार बनते हैं। उन्होंने कहा कि राजीविका के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं ने आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए सोलर लाइट जैसे नवाचारात्मक कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इन प्रयासों से न केवल महिलाओं की एक सशक्त पहचान बनी है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहलें महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर प्रदेश के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम में राज्य मिशन निदेशक राजीविका श्रीमती नेहा गिरि ने कहा कि स्वयं सहायता समूह आधारित उद्यम ग्रामीण अर्थव्यवस्था में परिवर्तन का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने इस आयोजन को महिला सशक्तिकरण और उद्यमिता को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

एसएचजी महिलाओं से संवाद

इस अवसर पर जोधपुर जिले के केरु गांव से आई चामुंडा माता स्वयं सहायता समूह की सदस्य श्रीमती गीता देवी को पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राजे से संवाद का अवसर प्राप्त हुआ। गीता देवी ने अपनी कंपनी ‘नेवती सखी’ द्वारा निर्मित बाजरे के बिस्किट भेंट किए, जिसे श्रीमती राजे ने सराहा।

पहले दिन राजीविका की ओर से 7 जिलों की 27 महिला उद्यमियों ने भाग लेकर अपने सफल उद्यम मॉडल प्रस्तुत किए। राजीविका से जुड़ी महिलाओं द्वारा दो विशेष स्टॉल लगाए गए, जिनमें जयपुर जिले की ब्लू पॉटरी एवं भरतपुर जिले के जूट उत्पाद प्रदर्शित एवं विक्रय हेतु उपलब्ध रहे। इन स्टॉल्स को आगंतुकों, क्रेताओं एवं संस्थागत प्रतिनिधियों से उत्साहजनक प्रतिसाद मिला।

स्टॉल प्रदर्शनी और सहभागिता

पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने राजीविका की एसएचजी महिलाओं द्वारा लगाए गए जूट एवं ब्लू पॉटरी उत्पादों के स्टॉल का अवलोकन किया, उत्पादों की सराहना की तथा स्वयं भी कुछ उत्पाद क्रय किए।

कार्यक्रम में देश के 25 शहरों से आई महिला उद्यमियों ने सहभागिता की। यह शिखर सम्मेलन ब्रांडिंग, खरीदार-विक्रेता संवाद, नेटवर्किंग एवं संस्थागत साझेदारी के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान कर रहा है, जिससे ग्रामीण महिला उद्यमियों को सूक्ष्म स्तर से आगे बढ़कर टिकाऊ एवं विकासोन्मुख उद्यम स्थापित करने में सहयोग मिलेगा।

“Unlocking Capital” सत्र में महिला उद्यमों की वित्तीय सशक्तता पर जोर

कार्यक्रम के अंतर्गत “Unlocking Capital – Financing Scalable and Impact-Driven Enterprises” विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया।

इस सत्र में राजस्थान महिला निधि (राजीविका) की सीईओ डॉ. पूजा शर्मा ने कहा कि महिला उद्यमियों को आगे बढ़ने के लिए केवल वित्तीय सहायता ही नहीं, बल्कि मजबूत नेटवर्किंग, प्रभावी मेंटरशिप तथा परिवार और समाज का विश्वास भी अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने आत्मविश्वास, धैर्य और निरंतर प्रयास को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि फंडिंग प्राप्त करने के लिए बैंक योग्य और सुव्यवस्थित प्रोजेक्ट तैयार करना जरूरी है। इसके लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA), वकील एवं अन्य विशेषज्ञों के मार्गदर्शन का सहयोग लेना चाहिए, जिससे उद्यम को व्यवस्थित रूप से विस्तार दिया जा सके।

यह कार्यक्रम महिला उद्यमिता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने तथा ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त पहल सिद्ध हो रहा है।