दरभंगा, बिहार के दरभंगा शहर के सीएम कॉलेज में गुरुवार को 05-दरभंगा स्नातक व शिक्षक क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन 2020 की मतगणना गुरुवार सुबह आठ बजे से शुरू हुई। बैलेट पेपर की छंटनी के बाद दोपहर एक बजे से शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की शुरू हुई मतगणना में देर रात कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा 689 मतों से विजयी घोषित किये गए। उन्हें 5011 मत प्राप्त हुए। कोटा 4322 का था।
आखिरी राउंड 12वें चक्र की मतगणना में डॉ. मदन मोहन झा को 4252 मत मिल चुके थे। भाजपा के सुरेश प्रसाद राय 2917 मतों के साथ दूसरे स्थान पर थे। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में कुल 13 उम्मीदवार मैदान में थे। शिक्षक व स्नातक क्षेत्र के मतों की गिनती के लिए अलग-अलग 14 टेबल बनाये गए थे। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए तीन एआरओ बनाये गए थे। इनमें मधुबनी के डीएम नीलेश रामचंद्र देवड़े, समस्तीपुर के डीएम शशांक शुभंकर व क्षेत्रीय योजना अधिकारी संजीत कुमार थे।
स्नातक क्षेत्र की मतगणना देर रात तक जारी
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना देर रात तक जारी थी। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए तीन एआरओ बनाये गए थे। इनमें दरभंगा डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम, बेगूसराय डीएम अरविंद कुमार वर्मा व दरभंगा प्रमंडलीय आयुक्त के सचिव दुर्गानंद झा शामिल थे। मौके पर दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय के डीएम मौजूद थे।