BJP नेताओं-कार्यकर्ताओं पर हमलों-हत्या के विरोध में प्रदेश भर में प्रदर्शन

भोपाल
प्रदेश में पिछले पांच दिनों में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं पर हुए हमलों और उनकी हत्या के विरोध में भाजपा ने आज प्रदेश भर में प्रदर्शन किया। इस दौरान मंडलों और जिलों में प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया गया। भाजपाईयों ने प्रदेश सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री कानून व्यवस्था बेपटरी होने पर मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने जबलपुर में पुतला दहन में शामिल होकर कानून व्यवस्था बेकाबू होने पर राज्य सरकार का विरोध किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने कहा कि पिछले दिनों हुई 4 हत्या में तीन भारतीय जनता पार्टी परिवार के लोग हैं। मंदसौर में प्रहलाद बंधवार की हत्या के बाद कल बड़वानी में भाजपा के बलवाड़ी मंडल अध्यक्ष मनोज ठाकरे की हत्या हुई। बड़वानी गृह मंत्री बाला बच्चन का क्षेत्र है। उसके बाद गुना के ग्राम मवन पिपरिया निवासी परमाल कुशवाहा को गोली से उड़ा दिया गया। उनके भाई बृजेश को भी घायल कर दिया है। परमाल कुशवाह भारतीय जनता पार्टी के पालक संयोजक शिवराम कुशवाह के परिवार से आते हैं। सिंह ने इन सिलसिलेवार हत्याओं पर गहरा रोष व्यक्त किया और कहा है कि अब सब्र की इंतेहा हो रही है। हम सरकार की ईट से ईट बजाने के लिए तैयारी कर चुके हैं।
राजधानी में बोर्ड आफिस चौराहे पर किए गए पुतला दहन और प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ धक्कामुक्की भी हुई। पुतला दहन के दौरान विधायक रामेश्वर शर्मा, राजेंद्र गुप्ता, सुमित रघुवंशी और युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष नितिन दुबे समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जबलपुर में अब्दुल हमीद वार्ड के मंडल महामंत्री मगन सिद्दीकी पर रविवार की शाम बेसवाल और तलवार से लैस युवकों ने हमला किया है। इस घटना में सिद्दीकी के पैर में फ्रेक्टर हुआ है। इसकी शिकायत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया गया है। सिद्दीकी का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है।