आज से खुली टॉकीजें, टैक्स को लेकर नई सरकार लेगी निर्णय

भोपाल
नगरीय निकाय द्वारा लगाए गए टैक्स के विरोध में राजधानी सहित पूरे प्रदेश की सिंगल स्क्रीन और मल्टीप्लेक्स सिनेमाघर बीते 21 दिनों से हड़ताल पर थे। आज 22 वें दिन सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर संचालकों ने हड़ताल खत्म कर अपने-अपने सिनेमाघर खोल दिए हैं। हालांकि हिन्दी फिल्में देखने के लिए दर्शकों को अब भी इंतजार करना होगा।
आज से साउथ की डब फिल्में इन सिनेमाघरों में लगेंगी। वहीं, सिनेमाघर संचालकों की मांगों को लेकर अब विधानसभा चुनावों के बाद आने वाली नई सरकार निर्णय लेगी। गौरतलब है कि मुख्य सचिव बीपी सिंह और प्रमुख सचिव संस्कृति विभाग मनोज श्रीवास्तव के साथ सिनेमाघर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बैठक की थी। चर्चा के बाद सिंगल स्क्रीन संचालकों ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की है। इसके अलावा मल्टीप्लेक्स सिनेमाघर संचालकों की हड़ताल अब भी जारी है।
राजधानी भोपाल सिनेमा आॅनर्स एसोसिएशन के सचिव अजीजउद्दीन ने बताया कि शुक्रवार से हड़ताल खत्म कर भोपाल सहित प्रदेश के सभी शहरों में सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर खुलेंगे। इनमें साउथ की हिंदी में डब की गई फिल्में लगाई जाएंगी। मांगों को लेकर आगामी चुनाव के बाद आने वाली सरकार से फिर चर्चा की जाएगी। इस संबंध में प्रदेश के आला अधिकारियों से विस्तृत तौर पर चर्चा हुई है।