BJP विधायक ने पीसी शर्मा से कहा- ‘मंत्री बन गए हो, मरवा मत देना’

BJP विधायक ने पीसी शर्मा से कहा- ‘मंत्री बन गए हो, मरवा मत देना’

भोपाल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बने विवेकानंद थीम पार्क के लोकार्पण पर सियासत गरमा गई है. पार्क के लोकार्पण के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच नई जंग छि़ड़ गई है. भाजपा विधायक विश्वास सारंग ने मंत्री पीसी शर्मा से अपनी जान को खतरा बताया है. बड़वाले महादेव मंदिर में भाजपा विधायक विश्वास सारंग ने पीसी शर्मा से कहा “आप तो मंत्री बन गए हो, मरवा मत देना”. आगे उन्होंने कहा कि मुझे जान का खतरा मंडराने लगा है. भाजपा विधायक बात सुनने के बाद जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा मुस्कुरा कर वहां से निकल गए.

बता दें कि इसके पहले विधायक विश्वास सारंग को जैसे ही भनक लगी कि जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा सोमवार को विवेकानंद थीम पार्क का उद्घाटन करने वाले हैं, वे स्थानीय लोगों और समर्थकों के साथ रविवार देर शाम को ही मौके पर पहुंच गए और पार्क का लोकार्पण कर दिया. उन्होंने यहां एक शिलालेख भी स्थापित करा दिया. यह थीम पार्क 32 मीटर लंबे और 24 मीटर चौड़े क्षेत्र में करीब 1 करोड़ 37 लाख की लागत से बना है. इसमें स्वामी विवेकानंद की 10 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच सियासत गरमाई हुई है.