निकाय चुनाव: कांग्रेस तैयार, भाजपा से पहले प्रत्याशियों की सूची करेगी जारी

निकाय चुनाव: कांग्रेस तैयार, भाजपा से पहले प्रत्याशियों की सूची करेगी जारी
भोपाल, नगरीय निकाय चुनाव का ऐलान होते ही कांग्रेस अपने महापौर और नगर पालिका अध्यक्ष के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर वह इस मामले में भाजपा से आगे रहना चाहती है। इसके चलते कांग्रेस महापौर और नगर पालिका अध्यक्ष की पचास प्रतिशत सीटों पर अपने उम्मीदवारों का पहले चरण में ऐलान करेगी।

खेती-किसानी और गांव की महत्वपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करें लिंक...

जागत गांव डाट काम

सूत्रों की मानी जाए तो चुनाव का ऐलान होते ही कांग्रेस लगभग 50 नगर पालिका के अध्यक्ष और 6 महापौर के उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करेगी। इंदौर, भोपाल, छिंदवाड़ा, जबलपुर और ग्वालियर के महापौर उम्मीदवारों के नाम का पहले चरण में कांग्रेस ऐलान कर सकती है। इसके साथ ही सौ के करीब नगर परिषदों के अध्यक्ष के उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कांग्रेस कर सकती है। प्रदेश में 98 नगर पालिका है, जबकि 16 नगर निगम और 293 नगर परिषद हैं। इनमें से कांग्रेस 50 प्रतिशत जगहों पर अध्यक्ष का ऐलान कर चुनाव प्रचार में भाजपा से आगे रहने का प्रयास करेगी। गौरतलब है कि कांग्रेस ने विधानसभा के चुनाव के बाद उपचुनाव में भी उम्मीदवारों के नाम की पहली सूची भाजपा से पहले जारी की थी। बताया जाता है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इस पर अपना पूरा होमवर्क करवा लिया है। कमलनाथ ने हर नगर निगम और नगर पालिका के लिए प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति की थी। इनमें से अधिकांश ने अपनी फाइनल रिपोर्ट कमलनाथ को सौंप दी है। वहीं स्थानीय स्तर और क्षेत्र के विधायकों से भी इस संबंध में प्रभारियों और सहप्रभारियों ने बातचीत कर एक-एक नाम फाइनल कर कमलनाथ को दे दिए हैं।