BU भोपाल : UG-PG के अंतिम वर्ष व सेमेस्टर की परीक्षाओं का टाइम टेबिल हुआ जारी
भोपाल
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय ने यूजी और पीजी के अंतिम वर्ष व सेमेस्टर की परीक्षाओं का टाइम टेबिल जारी कर दिया है। इसमें यूजी की परीक्षाएं 29 जून और पीजी की परीक्षा चार जुलाई से शुरू होंगी। अभी कई विद्यार्थी परीक्षा फार्म जमा करने से वंचित बने हैं। इसलिए बीयू परीक्षा शुरू होने के एक दिन पहले तक विद्यार्थी के फार्म जमा कराएगा।

कोरोना संक्रमण के कारण बीयू की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई थीं, जिनका संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। राज्यपाल और उच्च शिक्षा विभाग द्वारा परीक्षाओं को शुरू करने के आदेश जारी किए गए थे। इसके तहत बीयू ने सबसे पहले अपना टाइम टेबिल जारी किया है। इसके तहत यूजी के अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 29 जून से शुरू होकर 18 जुलाई को समाप्त हो जाएंगी। इसके एक सप्ताह बाद पीजी के अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा चार जुलाई से शुरू होंंगी, जो 14 जुलाई को समाप्त हो जाएंगी। यूजी की परीक्षाएं तीन-तीन पालियों में संचालित होंगी। इसमें पहली पाली सुबह सात से दस बजे तक, दूसरी पाली सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक तथा तीसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक चलेगी। वहीं पीजी की परीक्षाएं एक ही पाली में संचालित की जाएंगी। ये परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक चलेंगी।
रजिस्ट्रार डॉ. बी भारती का कहना है कि परीक्षा में शामिल होने वाले कुछ विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म जमा नहीं किए गए हैं। इसलिए विद्यार्थियों को परीक्षा फार्म परीक्षा शुरू होने के एक दिन पहले तक स्वीकृत किए जाएंगे। इसके लिए कालेज प्राचार्यों को विद्यार्थियों को परीक्षाओं में शामिल करने पृथक से पत्र भेजा जाएगा। ताकि कोई भी विद्यार्थी परीक्षा से वंचित नहीं रह सके।
bhavtarini.com@gmail.com 
