सीएम शिवराज ने दिया 5 लाख किसानों को तोहफा, माफियाको जेल भेजने की दी चेतावनी

सीएम शिवराज ने दिया 5 लाख किसानों को तोहफा, माफियाको जेल भेजने की दी चेतावनी

बाहर से आकर मध्यप्रदेश में फसल बेचने वालों को होगी जेल

भोपाल। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने एमपी के किसानों को बड़ा तोहफा दिया। शिवराज सिंह चौहान ने उपचुनाव से पहले मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत एमपी के किसानों को हर साल 4 हजार रुपए मिलने थे। केंद्र की 6 और राज्य की 4 मिलाकर किसानों को कुल 10 हजार रुपए मिलने थे। उपचुनाव खत्म होने के बाद राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की पहली किस्त गुरुवार को जारी कर दी है।

सात लाख किसानों के खाते में डाले 100 करोड़

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने एक क्लिक पर प्रदेश के सात लाख किसानों के खाते में 100 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए हैं। सरकार का कहना है कि इससे प्रदेश के 80 लाख किसानों को फायदा होगा। जल्द ही बचे हुए किसानों के खाते में भी राशि ट्रांसफर की जाएगी। इसके लिए सीहोर जिले के नसरूल्लागंज में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। सभी किसानों के खाते में 2-2 हजार रुपए की राशि जाएगी। वहीं देश में किसानों के बढ़ते प्रदर्शन को देखते हुए शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मैंने तय किया है कि जितनी पैदावार किसान की यहां होगी उतनी खरीद ली जाएगी। लेकिन अगर बाहर से कोई आया, अगल-बगल के राज्यों से बेचने या बेचने का प्रयास भी किया तो उसका ट्रक जब्त करवाकर उसे ज़ेल भिजवा दिया जाएगा।

लव जिहाद की साजिश पर तोड़कर रख दूंगा

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर कहा है कि प्रदेश में लव जिहाद की अनुमति नहीं दी जाएगी। सरकार सबके लिए है। धर्म या जाति के आधार पर प्रदेश में कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। किसी ने हमारी बेटियों के साथ बुरा किया तो मैं उसे तोड़ कर रख दूंगा। सीएम ने कहा कि धर्मांतरण या लव जिहाद की साजिश रचने वालों के लिए एमपी में कोई जगह नहीं है। किसी ने ऐसा सोचा भी तो उसे बर्बाद कर दूंगा।
कांग्रेस कर रही राजनीति
सीएम कहा कि अनेक योजनाओं का पैसा कमलनाथ सरकार ने किसानों को नहीं दिया। मैंने कोविड-19 की चुनौतियों के बीच भी किसानों के लिए 23, 600 करोड़ से अधिक की राशि जारी की है। कर्जमाफी के नाम पर किसानों को धोखा देने वाली कांग्रेस आज किसानों के नाम पर राजनीति कर रही है। किसानों के हित में बने कानून पर वे किसानों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। इस कानून में किसान को उपज मंडी के अलावा कहीं भी बेचने की छूट है।
पीएम किसानों के साथ
शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के साथ खड़े हैं। अब किसान बोनी से पहले व्यापारी के साथ अपनी उपज का कांट्रैक्ट कर सकेगा। फसल खराब होने की चिंता से किसान मुक्त होगा। उन्होंने कहा कि किसानों को खसरे की नकल को प्राप्त करने में ही महीनों लग जाते थे। हमने तय कर दिया है कि अब समस्त भू-अभिलेख ऑनलाइन मिलेंगे, ताकि किसानों का समय बर्बाद न हो।