CM नाथ ने नरसिंहपुर को दी सौगात, BJP पर साधा निशाना

CM नाथ ने नरसिंहपुर को दी सौगात, BJP पर साधा निशाना

नरसिंहपुर
मुख्यमंत्री कमल नाथ ने नरसिंहपुर को आज कई सौगातें दी|  सीएम ने चिकित्सा के अत्याधुनिक उपकरणों से लैस 100 बिस्तरीय श्री शंकर लाल दुबे जिला चिकित्सालय के नवनिर्मित भवन का  लोकार्पण किया। इस भवन की लागत 10 करोड़ 65 लाख 15 हजार रुपये है। नया भवन बन जाने से मरीजों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति उपस्थित थे।

सीएम ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा मुझे नरसिंहपुर आकर बहुत खुशी हुई, यहां से बहुत पुराना संबंध है, इस जिले से हम पड़ोसी हैं। यहां आकर मुझे अपनी जवानी याद आती है। 15 साल बाद प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से हमारी कांग्रेस सरकार बनी। हमें ऐसा प्रदेश सौंपा जो किसानों की आत्महत्या, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार में नंबर वन था। हमें ऐसा मध्यप्रदेश सौपा, हमारे लिए कृषि क्षेत्र की चुनौती थी, हमने 21 लाख किसानों का कर्जा माफ किया है। सीएम ने कहा भाजपा ने 15 सालों में किसान बेरोजगारों के लिए कुछ नहीं किया, इन्होंने 15 साल जनता को गुमराह किया। हम कृषि क्षेत्र में क्रांति लाना चाहते हैं, हम गन्ना किसानों के लिए गन्ना नीति लाना चाहते हैं। किसानों हम वचनबद्ध हैं आपके लिए।

मुख्यमंत्री कमल नाथ ने लोकार्पण के बाद नवनिर्मित भवन का अवलोकन किया। अस्पताल में अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर, न्यू बॉर्न बेबी यूनिट, प्रसव कक्ष एवं प्रसवोत्तर वार्ड तथा ब्लड बैंक बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय परिसर में स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी चौ. शंकरलाल दुबे की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और पौधरोपण भी किया।  

नरसिंहपुर दौरे पर सीएम ने झोतेश्वर पहुँचकर जगदगुरु शंकराचार्य स्वरूपानन्द सरस्वती महाराज से भेंटकर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने शंकराचार्य महाराज को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।  मुख्यमंत्री ने झोतेश्वर में 5 करोड़ रुपये लागत की 4 किलोमीटर लम्बी सीमेन्ट-कॉन्क्रीट सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया। उन्होंने झोतेश्वर स्थित श्रीमाता भगवती राजराजेश्वरी त्रिपुर सुन्दरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।