दिग्विजय सिंह ने तोड़ी चुप्पी, कहा- मप्र में दखलंदाजी न करने का हाईकमान का था निर्देश

दिग्विजय सिंह ने तोड़ी चुप्पी, कहा- मप्र में दखलंदाजी न करने का हाईकमान का था निर्देश
भोपाल। राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा है कि इस बार विधानसभा चुनाव में उनसे दूर रहने को कहा गया था। यही वजह रही कि दिग्विजय कांग्रेस के चुनावी अभियान से अलग रहे। चुनाव के दौरान दिग्विजय सिंह के अलग रहने की वजह अब तक साफ नहीं थी, मगर अब खुद उन्होंने इसका कारण बताया है। दिग्विजय ने एक चैनल से कहा कि मैंने खुद को अभियान से बाहर रखा, क्योंकि मुझे मध्यप्रदेश में ज्यादा हस्तक्षेप नहीं करने के लिए कहा गया था। इसलिए मैं दो अभियानों में बाहर रहा, जो कुछ भी मैं कर सकता था, जो भी मुझे करने के लिए कहा गया था, मैंने किया। दिग्विजय ने 15 साल तक कांग्रेस के सत्ता से बाहर होने के सवाल पर कहा कि प्रदेश में 60 लाख फर्जी वोट थे, जिसकी वजह से कांग्रेस सत्ता से बाहर रही। उन्होंने कहा कि पांच सालों में एक विपक्षी पार्टी के तौर पर कांग्रेस कोई रीयल चुनौती नहीं दे सकी। उन्होंने कहा कि लोग अपने क्षेत्र में ज्यादा व्यस्त थे। इस बार कांग्रेस जिस तरह से एकजुट थी, ऐसा मैंने इससे पहले कभी नहीं देखा। इस बार कांग्रेस भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर लड़ी है। वीडियो हुआ था वारयल पिछले महीने एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें दिग्विजय सिंह यह कहते हुए सुने गए थे कि वह कोई चुनावी अभियान नहीं करेंगे या भाषण नहीं देंगे, जिससे उनकी पार्टी को नुकसान हो। पार्टी कार्यकतार्ओं से यह कहते हुए वह सुने गए थे कि मेरे पास एक काम है। कोई कैंपेनिंग नहीं, कोई भाषण नहीं। मेरे भाषण से कांग्रेस का वोट कटेगा, इसलिए मैं ऐसा नहीं करूंगा।