भोपाल: मध्य प्रदेश में अनलॉक-4 में मध्य प्रदेश सरकार ने बस सेवा शुरु कर दी है। शनिवार से 5 महीने बाद सारी बसे एक बार फिर से सड़कों पर दौड़ना शुरु हो गई है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश सरकार ने बस ऑपरेटरों को बड़ी राहत देते हुए 5 महीने का बकाया टैक्स माफ कर दिया है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में बस संचालकों एवं उससे जुड़े लोगों की परेशानियों के दृष्टिगत यात्री बसों पर देय मासिक वाहनकर को 1 अप्रैल 2020 से 31 अगस्त 2020 तक की अवधि तक पूर्णतः माफ किया जाएगा। साथ ही यात्री बसों के संचालन की स्थिति पुनः सामान्य रूप से हो सके इसको दृष्टिगत रखते हुए माह सितंबर 2020 के देय मासिक वाहनकर में 50 प्रतिशत की छूट एवं वाहनकर जमा करने की तिथि को 30 सितम्बर 2020 तक बढ़ाया गया है।
इस मामले में परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि सरकार और बस ऑपरेटरों के बीच टैक्स को लेकर गतिरोध खत्म हो गया है। सरकार ने करीब 121 करोड़ रुपये का वाहन टैक्स माफ कर दिया है। टैक्स माफी के बाद आज से बस सुचारू रूप से चल सकेंगी। साथ ही बस किराया वृद्धि को लेकर कहा कि बस ऑपरेटर के साथ बैठक कर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। बस आपरेटर्स ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का माना आभार प्रदेश के बस आपरेटर्स ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उक्त निर्णय का स्वागत करते हुए आभार प्रकट किया है।