पति की मौत के बाद सहायता के नाम पर बंटे सरकारी चेक हो गए बाउंस

भिलाई राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत नौ महिलाओं को मंत्रियों के हाथों बांटे गए सरकारी चेक में से सात बाउंस हो गए। चेक बाउंस होने के चार्ज के रूप में महिलाओं के खाते से 180-180 रुपये भी कट गए। दुर्ग कलेक्टर उमेश अग्रवाल ने नाम में त्रुटि होने का हवाला देते हुए फिर से चेक जारी करने की बात कही है। विकास यात्रा के दौरान 28 जून को उतई में आयोजित कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री रमशीला साहू और संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने नौ महिलाओं को 20 हजार रुपये के चेक बांटे थे। पति की मौत के बाद बतौर मदद पत्नी को यह राशि दी जाती है। इनमें से सात महिलाओं कुमारी बाई साहू पत्नी स्व. खुमान सिंह, बरतनीन ढीमर पत्नी स्व. राजू ढीमर, जानकी बाई पत्नी स्व. चिमन सेन, बेद बाई पत्नी स्व. गणपत, अनुसुइया बाई पत्नी स्व. मंतराम, अमरीका बाई ठाकुर पत्नी स्व. कुंवर सिंह व मैना बाई पत्नी स्व. रामदयाल के चेक बाउंस हो गए।