J&K: अनंतनाग में सेना ने लश्कर आतंकियों को घेरा, मुठभेड़ के बीच इंटरनेट बैन

श्रीनगर
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के एक दल के बीच मुठभेड़ हुई है। बुधवार सुबह शुरू हुए इस ऑपरेशन के दौरान सेना ने अनंतनाग के लालचौक इलाके के एक मकान में लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकियों की घेराबंदी की है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार आतंकियों के खिलाफ सुबह 4 बजे से ही भारी गोलीबारी की जा रही है।


सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सेना को मंगलवार देर रात अनंतनाग के लालचौक इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए सेना की 1 राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू कश्मीर पुलिस की एसओजी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 162वीं बटालियन के जवानों द्वारा इलाके में एक बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कुछ देर बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए इंटरनेट सेवाओं पर भी रोक लगा दी गई, जिसके बाद लालचौक इलाके के तमाम मकानों में भी सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

सुबह करीब 4 बजे शुरू हुई मुठभेड़
सुरक्षाबलों की सख्त घेराबंदी के बीच एक मकान में छिपे आतंकियों ने सुबह 4 बजे के आसपास जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस कार्रवाई के दौरान सेना ने भी काउंटर ऑपरेशन शुरू करते हुए आतंकियों के मकान को घेर लिया, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। डीजीपी एसपी वैद के मुताबिक इस मकान में सेना, सीआरपीएफ और एसओजी ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों की घेराबंदी की है।


मंगलवार को श्रीनगर में हुआ था आतंकी हमला
बता दें कि अनंतनाग मुठभेड़ से एक दिन पहले जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में मंगलवार को एक आतंकी हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक जवान शहीद हो गया था। श्रीनगर के बटमालू इलाके में गश्त कर रहे दल पर अचानक हुए आतंकी हमले के बाद घायल जवान को अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।