बोले- पुलिस व प्रशासन की मदद से भाजपा ने बूथ कैप्चरिंग की
भोपाल, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक बार फिर उप चुनाव में धन-बल का उपयोग होने का आरोप लगाया है। कमलनाथ ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि भाजपा ने पुलिस और प्रशासन की मदद से बूथ कैप्चरिंग की। मतदान के दौरान कई जगह गोली चलने की घटनाएं हुईं, लेकिन आयोग द्वारा संज्ञान न लेना दुखद है। जबकि ऐसी घटनाओं की शिकायतें सबूत के साथ दी गईं हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि चुनाव में जिन अधिकारियों का भाजपा को सरंक्षण मिला, वे समझ लें कि राजनीतिक संरक्षण् स्थाई नहीं होता है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने जारी बयान में कहा है कि मतदान के दौरान हुईं हिंसक घटानाओं के वीडियों व अन्य प्रमाण से साफ है कि बूथ कैंप्चरिंग कराई गई। इसकी शिकायत उम्मीदवारों ने चुनाव आयोग के समक्ष प्रस्तुत कर पुनर्मतदान की मांग की,लेकिन चुनाव आयोग ने इस पर कोई निर्णय नहीं लिया और न ही इन घटनाओं पर आपराधिक मामले दर्ज किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन द्वारा ऐसे तत्वों की खुलकर मदद की गई, उनकी मूक सहमति से ही यह सब घटित हुआ है। इससे स्पष्ट है कि अफसरों ने निष्पक्ष भूमिका का निर्वहन नहीं किया। उनकी गतिविधियां रिकॉर्डेड हैं और वे भविष्य में इसके लिए उत्तरदायी होंगे।
कमलनाथ मप्र की राजनीति में गंदगी लेकर आए: शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर पलटवार करते हुए बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की राजनीति में गंदगी लेकर आए हैं तो वो कमलनाथ लेकर आए हैं। वो करें तो मैनेजमेंट और हमारे पास मन से आ जाएं तो खरीद-फरोख्त। कमलनाथ जी, ये गंदा खेल आपने शुरू किया है। उन्होंने भ्रष्टाचार का लोकव्यापीकरण कर दिया।
शिवराज ने कहा कि कांग्रेस और आदरणीय कमलनाथ जी बौखला रहे हैं, आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने पहले से ही भूमिका बनानी शुरू कर दी है। कांग्रेस, कमलनाथ जी, दिग्विजय सिंह भाजपा पर आरोप लगाते हैं कि हम तोडफ़ोड़ करते हैं। भाजपा किसी के पास नहीं गई, कांग्रेस के मित्र भाजपा में आए, लेकिन जब हमारे विधायकों को डरा धमकाकर, लोभ-लालच देने की कोशिश कमलनाथ कर रहे हैं तो इसे मैनेजमेंट कहते हैं। वहीं कोई अपने मन से भाजपा में आ जाए तो वो गद्दारी है।
भाजपा के विधायकों को फोन कर रहे कमलनाथ: शिवराज
शिवराज ने आरोप लगाते हुए कहा कि कमलनाथ जी आज भी भाजपा के विधायकों को फोन कर रहे हैं। संपर्क करने का असफल प्रयास कर रहे हैं, अगर जोड़-तोड़ और खरीद-फरोख्त की राजनीति की है तो कमलनाथ ने की है। मध्य प्रदेश की राजनीति में गंदगी लेकर आए हैं तो वो कमलनाथ लेकर आए हैं। वो करें तो मैनेजमेंट और हमारे पास मन से आ जाए तो खरीद-फरोख्त। कमलनाथ जी, ये गंदा खेल आपने शुरू किया है। भ्रष्टाचार का लोकव्यापीकरण कर दिया। राजनीतिक भ्रष्टाचार की शुरुआत प्रदेश में कमलनाथ ने की है। भाजपा के विधायकों को कितने भी फोन लगा लें, एक भी विधायक टस से मस नहीं होने वाला है। हमारे कार्यकर्ता सिद्धांत और विचारों के लिए काम करता है।