संघ के कई राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी भी पहुंच सकते हैं भोपाल
भोपाल, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत सोमवार को भोपाल आ सकते हैं। सोमवार को ही संघ के कई राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी भी भोपाल पहुंच सकते हैं। कुछ पदाधिकरी भोपाल आ भी चुके हैं। संघ प्रमुख के यहां आने के बाद अयोध्या के राम मंदिर पर चर्चा के साथ मध्यप्रदेश के राजनीतिक घटनाक्रम पर भी विचार हो सकता है। इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत अन्य नेता संघ कार्यालय समिधा के सम्पर्क में हैं।

अयोध्या में तीन या पांच अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम जन्मभूमि पर बनने वाले श्री राम मंदिर के नींव रखने के कार्यक्रम में पहुंचने वाले हैं। माना जा रहा है कि संघ प्रमुख भागवत और संघ के राष्ट्रीय पदाधिकारी इसी के मद्देनजर भोपाल में चिंतन बैठक के लिए यहां पहुंचने वाले हैं। हालांकि संघ से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अभी पूरी तरह तय नहीं है कि संघ प्रमुख का भोपाल दौरा होगा। यहां आने पर संघ प्रमुख पिछले दिनों संघ के दो क्षेत्रीय और राष्ट्रीय पदाधिकारियों के कोरोना संक्रमित होने के बाद जबलपुर के संघ पदाधिकारियों के कोरोना संक्रमित होने के मामले में रिपोर्ट ले सकते हैं।