उज्जैन में राहुल की मोदी को बहस की खुली चुनौती

उज्जैन में राहुल की मोदी को बहस की खुली चुनौती

नीमच और उज्जैन की सभा में राहुल के निशाने पर रहे मोदी

मेरी सरकार आई तो अनिल अंबानी की जेब से निकाल कर किसानों को दूंगा

brijesh parmar उज्जैन ।मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने पश्चिमी मध्यप्रदेश के उज्जैन संभाग के नीमच और उज्जैन जिले में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। दोनो ही सभाओं में भाजपा ,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके निशाने पर रहे। दोनो ही सभाओं में उन्होंने कहा कि हमने किसानों का कर्जा माफ किया है।उनमें पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज के रिश्तेदार भी शामिल हैं। नीमच सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने बीजेपी और पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने आम खाना तो सिखा दिया, कुर्ता काटना तो सिखा दिया, लेकिन पांच साल में बेरोजगार युवाओं के लिए क्या किया इस पर कुछ नहीं कहते हैं। आज देश में सबसे अधिक बेरोजगारी है। राहुल गांधी ने कहा कि पांच सालों में पीएम ने झूठ बोलने के सिवा कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि कर्ज माफी को लेकर पूर्व सीएम शिवराज सिंह और पीएम मोदी झूठ बोलते हैं। हमने कर्ज माफी किया है। हमारी सरकार ने शिवराज सिंह के रिश्तेदारों का भी कर्ज माफ किया है। राहुल गांधी ने कहा कि कर्ज माफी को लेकर नरेंद्र मोदी कहते हैं कि पैसा कहां से आएगा। लेकिन मैं कहता हूं कि पैसे की कोई कमी नहीं है। मेरी सरकार आएगी तो मैं सबसे पहले अनिल अंबानी की जेब में से निकाल कर किसानों को पैसे दूंगा। तराना में राहुल ने मोदी को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी उज्जैन जिले के तराना में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी चुनावी सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी । उज्जैन आलोट संसदीय सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार बाबूलाल मालवीय के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी जी अब भ्रष्टाचार पर बात क्यों नहीं करते। राहुल गांधी ने कहा वे प्रधानमंत्री को खुली चुनौती देते हैं कि वे उनसे भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कहीं भी बहस कर लें, चाहे मीडिया के सामने, चाहे पार्लियामेंट हाउस में,चाहे अपने घर में। मैं 15 मिनट में ये साबित कर दूँगा कि चौकीदार चोर है। राहुल गांधी ने अपना संबोधन शुरू करते हुए सामने मौजूद हजारों लोगों से चौकीदार चोर है के नारे लगवाकर उनका जोश जाना। राहुल गांधी ने कहा कि पिछले चुनाव में नरेंद्र मोदी जी भ्रष्टाचार, किसानों की समस्या और रोजगार की बात करते थे कहते थे कि हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देंगे, हर आदमी के बैंक अकाउंट में 15 लाख रूपये डालेंगे लेकिन अब इस पर कोई बात नहीं करते हैं। अब नरेंद्र मोदी जी पत्रकारों से इंटरव्यू में आम खाने की बात करते हैं, हाफ स्लीव का कुर्ता पहनने की बात करते हैं।लेकिन हिंदुस्तान की जनता अब ये नहीं सुनना चाहती है। हिंदुस्तान की जनता भ्रष्टाचार, कालाधन, बेरोजगारी की समस्या के बारे में सुनना चाहती है लेकिन प्रधानमंत्री जी देश की जनता को आम खाना, कुर्ता काटना और पकोड़े बनाना सिखा रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि आजकल मोदी जी उन्हें और उनके परिवार,पिता,दादी का अपमान कर रहे हैं लेकिन मैं राहुल गांधी आपको भरोसा दिलाता हूँ कि मैं मरते दम मोदी जी आपके परिवार, आपकी माताजी,आपके पिताजी किसी का भी अपमान नहीं करूंगा। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी आप कितनी भी नफरत की राजनीति करो लेकिन मैं प्यार की राजनीति ही करूँगा। जिस तरह प्यार से पिछली बार कॉंग्रेस ने मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सरकार बनाई, उसी तरह 2019 लोकसभा का चुनाव कांग्रेस जीत रही है। राहुल गांधी ने काँग्रेस की न्याय योजना के बारे में भी जानकारी दी और कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद 5 करोड़ परिवार के 25 करोड़ लोगों के खातों में हर महीने 6000 रुपये तब तक आएंगे जब तक उनकी सालाना आमदनी 72 हजार नहीं हो जाती। राहुल गांधी ने कहा कि नोटबंदी और गब्बर सिंह टैक्स लगाकर हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था नष्ट कर दी। नोटबंदी और गब्बर सिंह टैक्स लगने के बाद बेरोजगारी बढ़ी और लाखों युवाओं की नौकरियां चली गईं। उन्होंने कहा सरकार बनने के बाद वे युवाओं को अपना बिजनेस स्टार्ट करने का मौका देंगे। उन्हें इसके लिए किसी से भी पूछने की जरुरत नहीं औऱ न ही किसी विभाग से अनुमति लेने की जरूरत नहीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 56 इंच की छाती की बात करते हैं उनकी 56 इंच की छाती हो सकती है लेकिन कांग्रेस के हर एक कार्यकर्ता का दिल 56 इंच का है।राहुल गांधी से पहले मुख्यमंत्री कमलनाथ और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान राहुल गांधी ने मंच पर ही कांग्रेस के 30 से अधिक कार्यकर्ताओ और पदाधिकारियों को बारी बारी से अपने बगल में बैठाकर वन टू वन चर्चा की।