धमतरी जिला आबकारी विभाग में हाथ मिलाने पर रोक

धमतरी जिला आबकारी विभाग में हाथ मिलाने पर रोक
धमतरी, जिला आबकारी दफ्तर में एक अजीबो गरीब फरमान जारी किया गया है. इस फरमान को मानने के लिए दीवारों पर नोटिस भी चस्पा किया गया है. इस फरमान के मुताबिक यहां लोगों को हाथ मिलाना मना है. ये निर्देश बकायदा कार्यालय के दीवारों पर जगह जगह चस्पा है, लेकिन जिला आबकारी अधिकारी इस अटपटे निर्देश के पीछे कोई कारण नहीं बता पा रहे हैं. वैसे हाथ मिलाना..हाथ जोड़ना..गले मिलना अभिवादन के तरीके हैं. इस पर विभागीय रोक समझ से परे है, लेकिन धमतरी के जिला आबकारी विभाग में यही सच्चाई है कि वहां हाथ मिलाने पर रोक है. दुनिया के अलग अलग देशों में अभिवादन के अलग अलग तौर तरीके होते हैं. इन सब के बीच हाथ मिलाना दुनिया भर के सबसे लोकप्रिय तरीको में से एक है औऱ् वैसे भी आप किसी का अभिवादन कैसे करते हैं, उसका तरीका क्या होगा. ये हर किसी का व्यक्तिगत मामला होना चाहिये, लेकिन धमतरी के आबकारी कार्यालय में हाथ मिलाना ठीक नहीं माना जाता. नोटिस चस्पा यहां मौजूदा पदस्थ जिला आबकारी अधिकारी एमके जायसवाल के मुताबिक ये आदेश उनके पूर्व के अधिकारी के कार्यकाल में लगवाया गया था. अब जब वर्तमान अधिकारी से इसके पीछे कारण और तर्क जानना चाहा तो वो भी धर्म संकट में पड़ गए. हालांकि उन्होने इतना जरूर कहा कि इसे वो दिखवा लेते हैं. ये भी जानने की कोशिश करते हैं कि किन परिस्थितियों में ये नोटिस चस्पा की गई थी.