रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने कलेक्टर पहुंचे घुघरी चिकित्सालय
54 लोगों ने किया रक्तदान
Syed Sikandar Ali
मण्डला - कलेक्टर डॉ. जगदीश चन्द्र जटिया अपने घुघरी दौरा कार्यक्रम के तहत् चिकित्सालय में आयोजित किए गए रक्तदान शिविर पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने रक्तदान में भाग लेने वाले रक्तदाताओं से मिलकर बातचीत की एवं इस अभिनव पहल में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया। डॉ. जटिया ने रक्तदाताओं से कहा कि रक्तदान करने की फोटो लें एवं रक्तदान के अनुभव को सोशल मीडिया में प्रसारित करें ताकि अधिक से अधिक लोग इस मुहिम में शामिल होकर रक्तदान करें। उन्होंने अधिकारियों को अपने अधीनस्थों एवं स्थानीय लोगों के साथ रक्तदान करने आगे आने के लिए कहा।
शिविर में एसडीएम घुघरी सुनीता खण्डाईत सहित राजस्व एवं अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी बढ़चढ़कर रक्तदान में भाग लिया। शिविर में 54 लोगों द्वारा रक्तदान किया गया। रक्तदान करने वालों में नायब तहसीलदार आकाश डहारे, बीएमओ श्री उईके सहित पटवारी, आरआई एवं तहसील कार्यालय के कर्मचारी शामिल रहे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का किया निरीक्षण -
कलेक्टर ने रक्तदान शिविर के पश्चात् चिकित्सालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बीएमओ से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध दवाओं एवं अन्य महत्वपूर्णं जानकारी मांगी। डॉ. जटिया ने चिकित्सालय के वार्ड में पहुंचकर व्यवस्थाऐं देखी। उन्होंने मरीजों से उनके हाल जाने तथा बीएमओ को इलाज से संबंधित आवश्यक निर्देश दिये।
नारायणगंज में 124 यूनिट हुआ रक्तदान -
रक्तदान की अभिनव पहल जिला मुख्यालय से लेकर विकासखण्ड स्तर तक जारी है। इसी तारतम्य में नारायणगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भी रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। सबसे पहले रक्तदान करने वाले तहसीलदार श्री चक्रवर्ती ने बताया कि शिविर में कुल 124 यूनिट रक्तदान किया गया। रक्तदान करने वाले विभागों में राजस्व, महिला बाल विकास, स्थानीय शासकीय कार्यालय के अधिकारी कर्मचारी एवं पत्रकार तथा वकील भी शामिल रहे। रक्तदान की इस मुहिम में हर स्तर के शासकीय सेवकों में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।