Tokyo Olympics: दीपिका कुमारी ने रचा इतिहास, निशानेबाज मनु भाकर का ओलंपिक में सफर थमा

Tokyo Olympics: दीपिका कुमारी ने रचा इतिहास, निशानेबाज मनु भाकर का ओलंपिक में सफर थमा

टोक्यो
टोक्यो ओलंपिक के आठवें दिन दुनिया की नंबर 1 महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। उन्होंने इस मुकाबले में रूस ओलंपिक समिति की सेनिया पेरोवा को शूटऑफ में शिकस्त दी। दीपिका ने यह मुकाबला 6-5 से जीता। धावक अविनाश साबले तीन हजार पुरुषों की स्टीपलचेज स्पर्धा के फाइनल में जगह नहीं बना पाए। जबकि निशानेबाज मनु भाकर महिलाओं की 25 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं। इसके अलावा बैडमिंटन महिला क्वार्टर फाइनल में पीवी सिंधु, बॉक्सिंग में लवलीना बोरगोहेन अपना दमखम दिखाएंगी।

एथलेटिक्स में दुती चंद भारत की तरफ से अपनी चुनौती पेश करेंगी। हॉकी में महिला टीम का आयरलैंड से मुकाबला होगा जबकि पुरुष हॉकी टीम जापान से भिड़ेगी। टोक्यो ओलंपिक में बीता सातवां दिन भारत के लिए शानदार रहा। अगर मैरी कॉम का मुकाबला छोड़ दिया जाए तो बाकी सभी भारतीय एथलीटों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।

दुनिया की नंबर एक तीरंदाजी भारत की दीपिका कुमारी ने तीरंदाजी की महिला स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। अब उन्होंने पदक की उम्मीद जगा दी है। दीपिका कुमारी ने इस मुकाबले में रूस ओलंपिक समिति की सेनिया पेरोवा को शूटऑफ में हराया। दीपिका ने 6-5 से मुकाबला अपने नाम किया। शूटऑफ में सेनिया सिर्फ 7 पर निशाना लगा पाईं जबकि दीपिका 10 पर निशाना लगाने में सफल रहीं। दीपिका ने पहला और तीसरा सेट जीता तो सेनिया दूसरे और पांचवें सेट में जीत दर्ज की। चौथा सेट बराबर रहा था।

तीन हजार पुरुषों की स्टीपलचेज स्पर्धा में भारत के अविनाश साबले फाइनल में जगह नहीं बना पाए। उन्होंने इस दौरान बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। लेकिन फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके। वह सातवें स्थान पर रहे। अविनाश  8:18.12 समय के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने में सफल रहे। साबले ने मार्च में फेडरेशन कप में अपने 8: 20. 20 के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

निशानेबाज मनु भाकर ने एक बार फिर निराश किया। वह महिलाओं की 25 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाने से चुक गईं। उन्हें फाइनल में जाने के लिए टॉप 8 में रहना था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मनु भाकर 11वें स्थान पर रहीं। भारत की इस निशानेबाज ने रेपिड राउंड में 290 और प्रिसिजन राउंड में 292 अंक हासिल किए। प्रिसिजन राउंड में मनु पांचवें नंबर पर रहीं। अब उन्हें टोक्यो ओलंपिक से खाली हाथ स्वदेश लौटना पड़ेगा। मनु भाकर ने तीरंदाजी की कई स्पर्धाओं में शिरकत की लेकिन एक भी पदक नहीं जीत पाईं। इसके अलावा एक अन्य निशानेबाज राही सरनोबत ने भी निराश किया।